Netweb Technologies ने IPO से पहले ही निवेशकों से जुटाए ₹51 करोड़ रुपये, फ्रेश इश्यू के साइज में की कटौती

Netweb Technologies IPO: कंप्यूटिंग सॉल्यूशन मुहैया कराने वाली कंपनी नेटवेब टेक्नोलॉजी (Netweb Technologies) ने एक प्री-आईपीओ (Pre-IPO) प्लेसमेंट में इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स से 51 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसके चलते कंपनी के प्रस्तावित IPO में नए शेयरों का साइज अब कम हो सकता है

अपडेटेड Jul 05, 2023 पर 10:11 PM
Netweb ने मार्च 2023 में IPO के लिए मार्केट रेगुलेटर के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे

कंप्यूटिंग सॉल्यूशन मुहैया कराने वाली कंपनी नेटवेब टेक्नोलॉजी (Netweb Technologies) ने एक प्री-आईपीओ (Pre-IPO) प्लेसमेंट में इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स से 51 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसके चलते कंपनी के प्रस्तावित IPO में नए शेयरों का साइज अब कम हो सकता है। कंपनी ने एक बयान में बताया, "हमने अपने बुक रनिंग लीड मैनेजर की सलाह पर, एक प्री-आईपीओ प्लेसमेंट राउंड आयोजित किया। इस दौरान कंपनी ने 10.2 लाख इक्विटी शेयरों को 500 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आवंटित कर 51 करोड़ रुपये जुटाए। "

कंपनी ने प्री-आईपीओ प्लेसमेंट में एलजी फैमिली ट्रस्ट को 20,000 इक्विटी शेयर, अनुपमा किशोर पाटिल को 1 लाख शेयर, 360 वन स्पेशल अपॉर्चुनिटीज फंड - सीरीज 8 को पांच लाख शेयर, और 360 वन मोनोपोलिस्टिक मार्केट इंटरमीडियरीज फंड को 4 लाख शेयर आवंटित किए हैं।

नेटवेब ने कहा कि प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए जुटाई गई पूरी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। कंपनी ने पहले अपने आईपीओ में नए शेयर जारी करके 257 करोड़ रुपये जुटाने का ऐलान किया था। हालांकि प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के बाद अब नए शेयरों का साइज कम होकर 206 करोड़ रुपये हो गया है।


यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में बना इतिहास, BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप पहली बार ₹300 लाख करोड़ के पार

नेटवेब ने मार्च 2023 में अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। इसमें 257 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर और कंपनी के प्रमोटरों की ओर से 85 लाख शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) शामिल था।

OFS के तहत संजय लोढ़ा, नवीन लोढ़ा, विवेक लोढ़ा, नीरज लोढ़ा और अशोक बजाज ऑटोमोबाइल्स अपने शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। कंपनी ने प्री-आईपीओ में निवेशकों को 500 रुपये के भाव पर शेयर आवंटित किए हैं। अगर इसे ही आईपीओ प्राइस माना जाएगा, तो कंपनी का आईपीओ साइज करीब 631 करोड़ रुपये हो सकता है। वहीं 51 करोड़ रुपये को लेकर यह 682 करोड़ रुपये पर पहुंच जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।