Signature Global IPO: किफायती मकान बनाने वाली दिग्गज रियल्टी कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल (Signature Global) का आईपीओ आने वाला है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक यह आईपीओ इस महीने के आखिरी में खुल सकता है। इस इश्यू के जरिए कंपनी की योजना करीब 1 हजार करोड़ रुपये जुटाने की है। आईपीओ लाने के लिए इसे पूंजी बाजार नियामक सेबी (SEBI) की पिछले हफ्ते ही मंजूरी मिली थी। कंपनी ने आईपीओ लाने के लिए इसी साल जुलाई में सेबी के पास शुरुआती कागजात यानी ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल किया था। इस आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकता करने और भूमि अधिग्रहण में करेगी।
Signature Global IPO के बारे में डिटेल्स
सेबी के पास दाखिल मसौदे के मुताबिक सिग्नेचल ग्लोबल आईपीओ के जरिए 750 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा 250 करोड़ रुपये तक के शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत बिक्री होगी। कंपनी की प्रमोटर सर्वप्रिया सिक्योरिटीज और निवेशक इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन दोनों ही 125 करोड़-125 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों की ओएफएस विंडो के तहत बिक्री करेंगे। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने, जमीन खरीदने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
सिग्नेचर ग्लोबल दिल्ली-एनसीआर की कंपनी है। इसने अपनी सब्सिडियरी सिग्नेचर बिल्डर्स के जरिये वर्ष 2014 में अपना काम शुरू किया था। कंपनी ने सबसे पहले हरियाणा के गुरुग्राम में 6.13 एकड़ जमीन पर ‘सोलेरा’ परियोजना पेश की थी। सेबी के पास दाखिल मसौदे के मुताबिक कंपनी का कारोबार एक दशक से भी कम समय में काफी तेजी से बढ़ा है। 31 मार्च, 2022 तक इसने दिल्ली-एनसीआर में 23,453 आवासीय और वाणिज्यिक यूनिट्स बेची हैं जिसका कुल एरिया 1.45 करोड़ वर्ग फुट से अधिक रहा।