Nexus Select Trust IPO: देश के पहले खुदरा रियल इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (REIT) आईपीओ का सब्सक्रिप्शन बंद हो चुका है और सब्सक्रिप्शन बंद होने के बाद ग्रे मार्केट में शेयरों की स्थिति मजबूत दिख रही है। नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट (Nexus Select Trust) का इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 9-11 मई 2023 के बीच खुला था। सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन यानी गुरुवार 11 मई को इसके शेयर 4 रुपये की जीएमपी पर थे और इश्यू बंद होने के अगले ही दिन शुक्रवार 12 मई को इसकी GMP बढ़कर 5 रुपये पर पहुंच गई यानी 25 फीसदी बढ़ गई। आज भी इसकी जीएमपी 5 रुपये पर बनी हुई है यानी कि यह स्थाई बनी हुई है।
घरेल मार्केट में इस समय तीन REIT लिस्टेड हैं- एंबेसी ऑफिस पार्क आरईआईटी,, माइंडस्पेस बिजनेस पार्क आरईआईटी और ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट ट्रस्ट। हालांकि ये सभी लीज पर ली गई ऑफिसों की संपत्ति हैं। वहीं दूसरी तरफ लिस्ट होने के बाद नेक्सस सिलेक्ट ट्रस्ट देश में पहला आरईआईटी होगा जिसके पास किराए वाली खुदरा रियल एस्टेट संपत्ति है।
Nexus Select Trust IPO की डिटेल्स
नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट के 3200 करोड़ के आईपीओ के तहत 1400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 1800 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल के तहत बिक्री होगी। 9-11 मई के बीच खुले इस इश्यू के लिए 95-100 रुपये का प्राइस बैंड और 150 शेयरों का लॉट फिक्स था। यह इश्यू 5.45 गुना सब्सक्राइब हुआ। अब इसके शेयरों का अलॉटमेंट 16 मई को फाइनल होगा और फिर बीएसई-एनएसई पर 19 मई को लिस्टिंग है। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार केफिन टेक है।
नए शेयरों के जरिए कंपनी जो पैसे जुटाएगी, उसमें से 250 करोड़ रुपये से यह कर्ज चुकाएगी। दिसंबर 2022 के आंकड़ों के मुताबिक इसके एसेट एसपीवी (स्पेशल पर्पज वेईकल) पर बैंक का 4,705.12 करोड़ रुपये बकाया है और डेट सिक्योरिटीज का 126.80 करोड़ रुपये बकाया है। इसके अलावा 1050 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ एसेट एसपीवी में हिस्सेदारी खरीदने और डेट सिक्योरिटीज को भुनाने में होगा। कंपनी ने ओलाइव कॉमर्शियस कंपनी के नेक्सस इंदौर सेंट्रल में 30 फीसदी और डब्ल्यूआरपीएल की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के साथ-साथ डब्ल्यूआरपीएल की तरफ से जारी डेट सिक्योरिटीज को भुनाने का प्रस्ताव रखा है।
Nexus Select Trust के बारे में डिटेल्स
नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट देश का सबसे बड़ा माल प्लेटफॉर्म जिसके पास देश के 14 अहम शहरों में घनी आबादी वाले आवासीय इलाकों में टॉप क्वालिटी के 17 एसेट्स हैं। इसमें दिल्ली का सेलेक्ट सिटीवाक, नवी मुंबई का नेक्सस सीवुड्स, बेंगलूरु का नेक्सस कोरमांगला, चंडीगढ़ का नेक्सस एलांटे और अहमदाबाद का नेक्सस अहमदाबाद वन शामिल है। यहां एपल, जारा, एचएंडएम, सेफोरा, सुपरड्राई, शॉपर्स स्टॉप, स्टारबक्स और मैकडी समेत 1000 से अधिक देशी-विदेशी ब्रांड्स करीब 3000 स्टोर्स में अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करते हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 45% बढ़कर 1,318.21 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं इसका नेट लॉस भी इस अवधि में 199.11 करोड़ रुपये से 94% घटकर 10.95 करोड़ रुपये पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष के शुरुआती नौ महीनों अप्रैल-दिसंबर 2022 में इसका रेवेन्यू 1,463.15 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 257 करोड़ रुपये रहा।