साम्ही होटल्स के आईपीओ (Samhi Hotels IPO) को दूसरे दिन भी निवेशकों से कोई बड़ा रिस्पॉन्स नहीं मिला है। यह IPO 14 सितंबर को खुला था और दूसरे दिन 15 सितंबर को 72.67 लाख शेयरों की खरीद की गई। यह आंकड़ा 6.25 करोड़ शेयरों के इश्यू साइज का 12 प्रतिशत है। ऑफर के समर्थन के मामले में रिटेल इन्वेस्टर टॉप पर बने हुए हैं। उन्होंने अपने लिए आरक्षित 10% हिस्से के 56 प्रतिशत शेयरों को सब्सक्राइब कर लिया है। वहीं उच्च नेटवर्थ वाले व्यक्तियों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स) के लिए अलग रखा गया 15 प्रतिशत हिस्सा, 5 प्रतिशत ही सब्सक्राइब हुआ है।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने आवंटित 75 प्रतिशत कोटा के केवल 0.005 प्रतिशत शेयर खरीदे हैं। QIB में से 60 प्रतिशत हिस्सा इश्यू खुलने से एक दिन पहले एंकर निवेशकों की ओर से पूरी तरह बुक किया जा चुका है। सिंगापुर सरकार, मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर, CLSA, HSBC ग्लोबल, सिटीग्रुप, सोसाइटी जेनरल SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल, आदित्य बिड़ला सन लाइफ ट्रस्टी और एलारा इंडिया अपॉर्च्युनिटीज फंड सहित एंकर निवेशकों ने अपर प्राइस बैंड पर 616.54 करोड़ रुपये के 4.89 करोड़ शेयर खरीदे हैं।
पहले दिन 7% हुआ था सब्सक्राइब
साम्ही होटल्स के IPO का प्राइस बैंड 119-126 रुपये प्रति शेयर है। पहले दिन 14 सितंबर को IPO 7 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ था और कंपनी की 6,25,29,831 शेयरों की पेशकश पर कुल 43,32,076 शेयर के लिए बोलियां मिली थीं। IPO का साइज 1,350 करोड़ रुपये है। इस पब्लिक इश्यू के तहत 1,200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा तीन सेलिंग शेयरहोल्डर्स की ओर से 170.1 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) है। यह IPO 18 सितंबर को बंद होगा। इक्विटी इंटरनेशनल फंड वी के स्वामित्व वाले ब्लू चंद्रा, गोल्डमैन सैक्स इन्वेस्टमेंट्स होल्डिंग्स और GTI कैपिटल अल्फा, OFS में बिक्री करने वाले शेयरधारक हैं।
कैसे होगा होने वाली आय का इस्तेमाल
IPO के तहत ताजा शेयरों को जारी कर होने वाली आय से 900 करोड़ रुपये के कर्जों का भुगतान किया जाएगा। ताजा शेयरों को जारी करने से मिले बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर अपर प्राइस बैंड से करीब 8 प्रतिशत के प्रीमियम पर उपलब्ध थे।