SBFC Finance IPO: 104 शहरों में फैली एनबीएफसी का आएगा 1600 करोड़ का आईपीओ, सेबी के पास कागजात जमा

SBFC Finance IPO: एनबीएफसी SBFC Finance आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है और इसने बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास शुरुआती कागजात जमा कर दिया है

अपडेटेड Nov 08, 2022 पर 4:16 PM
SBFC Finance ने 1600 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सेबी के पास आवेदन किया है। हालांकि सेबी के पास दाखिल मसौदे के मुताबिक कंपनी प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकती है।

SBFC Finance IPO: एनबीएफसी (नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी) एसबीएफसी फाइनेंस आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। SBFC Finance ने बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास शुरुआती कागजात जमा कर दिए हैं। सेबी के पास दाखिल मसौदे DRHP (ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) के मुताबिक यह आईपीओ 1600 करोड़ रुपये का हो सकता है। इस आईपीओ के तहत 750 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी होंगे।

वहीं एनबीएफसी के प्रमोटर ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत 850 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री करेंगे। अर्पवुड पार्टनर्स इंवेस्टमेंट एडवाइजर्स एलएलपी 398.19 करोड़ रुपये, एसबीएफसी होल्डिंग्स 275 करोड़ रुपये, अर्पवुड कैपिटल 97.72 करोड़ रुपये और एट45 सर्विसेज 79.08 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ओएफएस के तहत करेंगी।

IPO News: दो कंपनियों को सेबी से मिली आईपीओ लाने की मंजूरी, एक इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का


150 करोड़ रुपये के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट की योजना

SBFC Finance ने 1600 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सेबी के पास आवेदन किया है। हालांकि सेबी के पास दाखिल मसौदे के मुताबिक कंपनी प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकती है। प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के तहत 150 करोड़ रुपये के शेयर जारी हो सकते हैं। अगर प्री-आईपीओ प्लेसमेंट होता है तो आईपीओ का साइज घट सकता है।

नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी अपने कैपिटल बेस को बढ़ाने में करेगी ताकि अपने कारोबार और एसेट्स को बढ़ाने में पूंजी की जरूरतों को पूरा किया जा सके। इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर्स आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल और कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी हैं। शेयरों की लिस्टिंग एनएसई और बीएसई पर होगी।

Stock Tips: 35% गिरने के बाद भी संभलने के आसार नहीं, एक्सपर्ट्स ने दी सेल रेटिंग, अभी 25% टूट सकते हैं भाव

SBFC Finance के बारे में डिटेल्स

एसबीएफसी फाइनेंस की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। यह एक एनबीएफसी है। इसका कारोबार 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 104 शहरों में फैला हुआ है और इसकी 135 शाखाएं हैं। इस एनबीएफसी में मालाबार ग्रुप, क्लेरमोंट ग्रुप और अर्पवुड ग्रुप जैसे मॉर्क्वी निवेशकों का पैसाल लगा है। वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी की टोटल इनकम 530.70 करोड़ रुपये थी और नेट प्रॉफिट 64.52 करोड़ रुपये था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।