कोलकाता मुख्यालय वाली ज्वैलरी कंपनी सेंको गोल्ड (Senco Gold) के शेयर शुक्रवार 14 जुलाई को सूचीबद्ध होंगे। एकसपर्ट्स को पहले दिन कंपनी के शेयर 35 से 40 प्रतिशत की लिस्टिंग गेन के साथ चमकने की उम्मीद है। इसके पीछे उन्होंने कंपनी के आईपीओ को निवेशकों से मिली मजबूत प्रक्रिया, मजबूत ब्रांड नेम और हल्के एसेट वाला फ्रेंचाइजी मॉडल और इंडस्ट्री में 5 दशकों के अनुभव जैसे कारण बताया। इसके अलावा शेयर बाजार में इस समय तेजी का माहौल है, जो इस स्टॉक के पक्ष में काम कर सकता है। मार्च के निचले स्तर से बेंचमार्क इंडेक्सों में करीब 15 फीसदी की उछाल आ चुकी है।
Senco Gold का 405 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 4 से 6 जुलाई के बीच बोली के लिए खुला था। कंपनी को 73 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। सबसे अधिक बोली क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने लगाई, जिन्होंने इस इश्यू को 181 गुना सब्सक्राइब किया। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में कंपनी को 65 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि रिटेल निवेशकों ने इश्यू को 15.5 सब्सक्रिप्शन मिला था।
Senco Gold के पास ईस्टर्न इंडिया के संगठित ज्वैलरी मार्केट में सबसे अधिक मार्केट शेयर है। इसके पास 96 शहरों में 136 शोरूम का मजबूत रिटेल नेटवर्क है, जिसमें से 75 का मालिकाना हक कंपनी के पास है। वहीं 61 शोरूम को फ्रेंचाइजी मॉडल पर चलाया जाता है। इसके 63 फीसदी शोरूम पश्चिम बंगाल में स्थित है।
कंपनी के गोल्ड और डायमंड्स की बिक्री में विशेषज्ञता है। इसके अलावा यह चांदी, प्लैटिनम और कीमती व अर्ध-कीमती पत्थरों और विभिन्न धातुओं से बने ज्वैलरी की भी व्यापक रेंज ऑफर करती है।
स्टॉकबॉक्स के रिसर्च हेड मनीष चौधरी ने कहा, "हमें उम्मीद है कि शेयर की कीमत 450 रुपये के आसपास होगी, जो कि 317 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से करीब 42 प्रतिशत अधिक है।" लंबी अवधि के नजरिए से मनीष कंपनी के प्रति सकारात्मक बने हुए हैं। उनका कहना है कि ईस्टर्न इंडिया के संगठित रिटेल मार्केट में इसकी दबदबे की स्थिति और बाकी भारत में विस्तार पर फोकस इसकी ग्रोथ संभावनाओं के लिए अच्छा है।
हेम सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन और मेहता इक्विटीज के सीनियर वीपी रिसर्च रिसर्च एनालिस्ट, प्रशांत तापसे (Prashanth Tapse) को भी सेनको गोल्ड के 35-40 प्रतिशत के प्रीमियम पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कंपनी के पास मजबूत ब्रांड और करीब दशकों की विरासत है।