Desco Infratech IPO: इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी डेस्को इंफ्राटेक का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुल चुका है। ₹30.75 करोड़ का आईपीओ खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों- चाणक्य अपॉर्च्यूनिटीज फंड-1, बीकॉन स्टोन कैपिटल वीसीसी-बीकॉन स्टोन 1 और नोवा ग्लोबल अपॉर्च्यूनिटीज पंड पीसीसी-टचस्टोन से 8.65 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। किसी भी म्यूचुअल फंड ने आईपाओ के एंकरबुक के तहत बोली नहीं लगाई है। ग्रे मार्केट में बात करें तो इसके शेयर 20 रुपये यानी 13.33 फीसदी की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल के आधार पर ही निवेश का फैसला लेना चाहिए।
Desco Infratech IPO की डिटेल्स
डेस्को इंफ्राटेक के ₹30.75 करोड़ के आईपीओ में ₹147-₹150 के प्राइस बैंड और 1000 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। यह इश्यू आज 24 मार्च को खुला है और 26 मार्च को बंद होगा। इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित है जबकि 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 27 मार्च को फाइनल होगा। फिर बीएसई एसएमई पर 1 अप्रैल को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसेज है। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 20.50 लाख नए शेयर जारी होंगे। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 1.04 करोड़ रुपये सूरत में कॉरपोरेट ऑफिस खोलने, 1.68 करोड़ रुपये मशीनरी की खरीदारी, 18 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Desco Infratech के बारे में
जनवरी 2011 में डेस्को इंफ्राटेक सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, रिन्यूएबल एनर्जी, वाटर और पावर सेक्टर के लिए इंजीनियरिंग, प्लानिंग और कंस्ट्रक्शन का काम करती है। देश के 14 राज्यों के 55 से अधिक शहरों में कंपनी के 2 लाख से अधिक नेचुरल गैस कनेक्शन हैं और इसने 4 हजार किमी से अधिक मीडियम-डेंसिटी पॉलीथिलीन (MDPE) पाइपलाइन बिछाई है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2022 में इसे 83 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 1.23 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 3.46 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 21 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 29.49 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 3.38 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 22.75 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।