Tata Tech IPO: 19 साल बाद टाटा ग्रुप (Tata Group) की कोई कंपनी लिस्ट होने की तैयारी हो रही है तो मार्केट में सुगबुगाहट होनी लाजमी है। आखिरी बार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का आईपीओ आया था और इसके शेयरों ने मार्केट में 25 अगस्त 2004 को एंट्री मारी थी। इसका आईपीओ जुलाई 2004 में आया था। अब करीब 19 साल बाद फिर टाटा टेक (Tata Tech) का आईपीओ आने वाला है। यह टाटा मोटर्स (Tata Motors) की सब्सिडियरी है जो खुद एक लिस्टेड कंपनी है। यहां नीचे इस आईपीओ से जुड़ी पूरी डिटेल्स नीचे दी जा रही है।
ग्रे मार्केट में कैसी है स्थिति
आईपीओ वॉच पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक टाटा टेक के शेयर ग्रे मार्केट में 100 रुरये के प्रीमियम (GMP) पर हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फाइनेंशियल्स और फंडामेंटल्स के आधार पर निवेश का फैसला लेना चाहिए।
टाटा टेक का आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) का होगा यानी इसके तहत नए शेयरों को जारी करने की कंपनी की कोई योजना नहीं है। इस आईपीओ के तहत 2 रुपए की फेस वैल्यू वाले 9,57,08,984 इक्विटी शेयरों की ओएफएस विंडो के तहत बिक्री होगी जो कंपनी की 23.60 फीसदी शेयरहोल्डिंग के बराबर है। आईपीओ के जरिए टाटा मोटर्स की अपने हिस्से के 8,13,33,706 शेयर, अल्फा टीसी होल्डिंग्स की 97.16 लाख और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड 1 की योजना 48.58 लाख शेयरों को बेचने की है।
इस आईपीओ के लिए सब्सक्रिप्शन पीरियड, प्राइस बैंड और लॉट साइज अभी तक फिक्स नहीं हुआ है। इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित होगा। आईपीओ की सफलता के बाद इसके शेयरों की बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग होगी।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
टाटा टेक ग्लोबल इंजीनियरिंग सर्विसेज कंपनी है। यह दुनिया भर की ओरिजिनल इक्विपमेंट मैनुफैक्चरर्स (OEM) को शुरू से आखिरी तक सभी सॉल्यूशंस समेत प्रोडक्ट डेवलपमेंट और डिजिटल सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। यह कंपनी एयरोस्पेस, ट्रांसपोर्टेशन और कंस्ट्रक्शन हैवी मशीनरी जैसे अन्य उद्योगों में सर्विसेज देती है। इसे 1994 में सेटअप किया गया था। इसमें सबसे अधिक हिस्सेदारी टाटा मोटर्स की है और इसके पास टाटा टेक के 74.69 फीसदी शेयरहोल्डिंग है।