Pine Labs IPO: फिनटेक कंपनी पाइन लैब्स लाएगी आईपीओ, ₹8,300 करोड़ जुटाने का है प्लान

Pine Labs IPO: डिजिटल पेमेंट की सेवा देने वाली एशियाई कंपनी, पाइनलैब्स प्राइवेट (Pine Labs Pvt) खुद को भारतीय शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की तैयारी में है। कंपनी की योजना करीब 1 अरब डॉलर का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की है। पाइन लैब्स में पीक XV पार्टनर्स और मास्टरकार्ड इंक सहित कई दिग्गज फर्मों ने निवेश किया हुआ है

अपडेटेड Jun 21, 2024 पर 8:34 PM
Pine Labs IPO: कंपनी ने इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टिंग की योजना बनाई थी

Pine Labs IPO: डिजिटल पेमेंट की सेवा देने वाली कंपनी, पाइन लैब्स प्राइवेट (Pine Labs Pvt) खुद को भारतीय शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की तैयारी में है। कंपनी की योजना करीब 1 अरब डॉलर (करीब 8,300 करोड़ रुपये) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की है। इस मामले से सीधे वाकिफ सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी। पाइन लैब्स में पीक XV पार्टनर्स और मास्टरकार्ड इंक सहित कई दिग्गज फर्मों ने निवेश किया हुआ है। सूत्रों ने बताया कि कंपनी अपने IPO को 6 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर लॉन्च कर सकती है।

इस IPO में नए शेयरों के अलावा कंपनी के मौजूदा शेयरधारक भी अपने शेयरों को बिक्री के लिए रख सकते हैं। इसके अलावा दो सूत्रों ने बताया कि कंपनी लिस्टिंग से पहले प्री-IPO फंडिंग राउंड का विकल्प भी चुन सकती है।

ब्लूमबर्ग के जुटाए आंकड़ों के मुताबिक, पाइन लैब्स का आईपीओ लगभग 1 बिलियन डॉलर का होगा। अगर ऐसा हुआ तो यह किसी भारतीय फिनटेक कंपनी की ओर से लाया गया अबतक का दूसरे सबसे बड़ा आईपीओ होगा। इससे पहले पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने 2021 में लगभग 2.5 बिलियन डॉलर का आईपीओ लाया था।


कंपनी ने इससे पहले 2022 में खुद को अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट कराने की योजना बनाई थी। उसने 2022 में यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के पास गुप्त तरीके से आवेदन भी किया था।

ब्लूमबर्ग के जुटाए आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में इस साल अबतक करीब 7 अरब डॉलर के आईपीओ आ चुके हैं। यह साल 2023 की इसी अवधि की तुलना में तीन गुना से भी अधिक है। इसने ग्लोबल स्तर पर भारत को IPO के लिए सबसे हॉट मार्केट में से एक बना दिया है।

सूत्रों ने बताया कि बातचीत अभी शुरुआती स्तर में है और कोई अंतिम फैसला नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि IPO का साइज और वैल्यूएशन जैसी चीजें आगे जाकर बदल भी सकती है। पाइन लैब्स और पीक XV के प्रतिनिधियों ने इस खबर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

पाइन लैब्स की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, कंपनी भारत, मिडिल ईस्ट और साउथ ईस्ट एशिया के 3,700 से अधिक शहरों में 500,000 से अधिक मर्चेंट्स को सेवाएं मुहैया करती है। यह मर्चेंट्स को पेमेंट्स और दूसरे फाइनेंशियल सेवाओं के लिए सॉल्यूशंस देती है। इसके एंटरप्राइज ग्राहकों में सोनी ग्रुप कॉर्प, बीएमडब्ल्यू एजी और सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी आदि शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- Robot Tax: मोदी सरकार लाएगी 'रोबोट टैक्स'! बजट में वित्त मंत्री कर सकती हैं ऐलान, जानें आप पर क्या होगा असर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।