Vaibhav Jewellers IPO: 22 सितंबर को खुल रहा है इश्यू , जानिए सारी अहम डिटेल

इस इश्यू में 26 सितंबर 2023 तक निवेश किया जा सकेगा। एंकर निवेशक इस पब्लिक इश्यू में 21 सितंबर से पैसा लगा सकेंगे।

अपडेटेड Sep 14, 2023 पर 10:48 AM
वैभव जेम्स एन ज्वैलर्स के आईपीओ में 210 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।

आंध्र प्रदेश बेस्ड कंपनी मनोज वैभव जेम्स एन ज्वैलर्स (Vaibhav Gems N Jewellers) का आईपीओ 22 सितंबर को खुलने जा रहा है। इस साल सितंबर महीने का यह 11वां आईपीओ (Initial Public Offering) होगा। इस आईपीओ (IPO) में 210 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रमोटर ग्रांधी भरत मल्लिका रत्ना कुमारी (एचयूएफ) की ओर से 28 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के जरिए होगी। आईपीओ के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस में मौजूद आईपीओ शेड्यूल के अनुसार, इस इश्यू में 26 सितंबर 2023 तक निवेश किया जा सकेगा। एंकर निवेशक इस पब्लिक इश्यू में 21 सितंबर से पैसा लगा सकेंगे।

कंपनी ने ऑफर साइज का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व रखा है, जिसमें से 60 प्रतिशत तक हिस्सा एंकर निवेशकों को आवंटन के लिए उपलब्ध होगा। इसके अलावा, इश्यू साइज का 15 प्रतिशत हिस्सा उच्च नेटवर्थ वाले व्यक्तियों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स) के लिए और शेष 35 प्रतिशत हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।

आईपीओ के तहत फ्रेश इक्विटी शेयरों से होने वाली आय का इस्तेमाल मुख्य रूप से वित्त वर्ष 2023-24 और वित्त वर्ष 2024-25 में प्रस्तावित 8 नए शोरूम की स्थापना के लिए किया जाएगा। इन शोरूम्स पर 172 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बाद फ्रेश इश्यू से आए बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

दक्षिण भारत का दिग्गज ब्रांड है वैभव ज्वैलर्स

वैभव ज्वैलर्स दक्षिण भारत का एक दिग्गज क्षेत्रीय आभूषण ब्रांड है। वर्तमान में इस ब्रांड की बागडोर भरत मल्लिका रत्ना कुमारी ग्रांधी और उनकी बेटी ग्रांधी साई कीर्तना कर रही हैं। वैभव ज्वैलर्स के आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के 8 कस्बों और 2 शहरों में 13 शोरूम हैं। इस हाइपरलोकल ज्वैलरी रिटेल चेन ने वित्त वर्ष 2020-21 से लेकर वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान परिचालन से राजस्व में 18.92 प्रतिशत सीएजीआर की वृद्धि दर्ज की है, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 2,027.34 करोड़ रुपये हो गई। वित्त वर्ष 2020-21 से लेकर वित्त वर्ष 2022-23 के बीच कंपनी का शुद्ध लाभ 85.81 प्रतिशत सीएजीआर से बढ़ा और वित्त वर्ष 2022-23 में 71.6 करोड़ रुपये हो गया। उल्लिखित अवधि में ब्रांड के EBITDA ने 43.42 प्रतिशत सीएजीआर की ग्रोथ दर्ज करता हुआ 143 करोड़ रुपये हो गया, वहीं मार्जिन एक्सपेंशन वित्त वर्ष 2020-21 के 4.85 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2022-23 में 7.06 प्रतिशत हो गया।

SAMHI Hotels IPO: खुल गया होटल कंपनी का आईपीओ, निवेश को लेकर एक्सपर्ट की ये है राय


कब हो सकती है शेयरों की लिस्टिंग

वैभव ज्वैलर्स ब्रांड बीएसई के परामर्श से 3 अक्टूबर तक आईपीओ शेयरों के आवंटन के आधार को अंतिम रूप देने जा रहा है और 5 अक्टूबर तक सफल निवेशकों के डीमैट खातों में इक्विटी शेयर क्रेडिट कर देगा। वहीं असफल निवेशकों के बैंक खातों में 4 अक्टूबर तक रिफंड जमा कर दिया जाएगा। बीएसई और एनएसई पर ब्रांड के इक्विटी शेयरों की लिस्टिंग 6 अक्टूबर को होगी। इस इश्यू के लिए बजाज कैपिटल और एलारा कैपिटल (इंडिया) मर्चेंट बैंकर हैं, जबकि बिगशेयर सर्विसेज इस ऑफर के लिए रजिस्ट्रार है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।