Varyaa Creations IPO Listing: वर्या क्रिएशन्स के शेयरों ने मंगलवार 30 अप्रैल को शेयर बाजार में जोरदार एंट्री की। कंपनी के शेयर 90 प्रतिशत के बंपर फायदे के साथ 285 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। जबकि इसका इश्यू प्राइस 150 रुपये था। वर्या क्रिएशन्स के शेयर BSE के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुए हैं। यह लिस्टिंग, ग्रे मार्केट के अनुमानों से भी काफी अधिक रही क्योंकि ग्रे मार्केट में यह शेयर लगभग बिना प्रीमियम के सपाट कारोबार कर रहे थे। बता दें कि ग्रे मार्केट, एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है, जहां स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग से पहले शेयरों का कारोबार होता है। अधिकतर निवेशक लिस्टिंग प्राइस का एक अंदाजा पाने के लिए ग्रे मार्केट पर नजर रखते हैं। हालांकि, इस बात की गारंटी नहीं है कि ग्रे मार्केट का अनुमान सही साबित हो।
वर्या क्रिएशन्स का आईपीओ 22 से 25 अप्रैल के बीच बोली के लिए खुला था और आखिरी दिन तक इसे कुल 3.59 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन मिला था। कंपनी को रिटेल निवेशकों से सबसे अधिक बोली मिली थी, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का करीब 6.09 गुना अधिक सब्सक्राइब किया।
कंपनी का आईपीओ पूरी तरह नए शेयरों का था, जिसके तहत 13.4 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा गया था। आईपीओ का साइज 20 करोड़ रुपये थे। कंपनी ने बताया कि वह IPO से मिली राशि का इस्तेमाल एक नया शोरूम खोलने और अपने एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट के लिए इनवेंट्री खरीदने में करेगी।
वर्या क्रिएशंन ने जुलाई 2005 में कारोबार की शुरुआत की थी। कंपनी सोने, चांदी, कीमती पत्थरों और अर्ध-कीमती पत्थरों के थोक व्यापार में माहिर है। कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में हार, झुमके, टॉप, अंगूठियां, कंगन, चूड़ियां, रत्न, हीरे, लैब में बने हीरे और मोती सहित तमाम ज्वैलरी आइटम्स की एक लंबी सीरीज है। कंपनी ग्राहकों की जरूरतों के आधार पर कस्टम-मेड ज्वेलरी भी बनाती है।
कैसा है Varyaa Creations का फाइनेंशियल
वार्या क्रिएशन्स का रेवेन्यू FY21 में 12.05 करोड़ रुपये से बढ़कर FY22 में 253.13 करोड़ रुपये और FY23 में 538.03 करोड रुपये हो गया। FY24 के पहले 6 महीनों में ही कंपनी का रेवेन्यू 1,762.49 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) की बात करें तो कंपनी को FY21 में 13 करोड़ का नुकसान हुआ था। हालांकि, FY22 में इसे 57.98 करोड़ रुपये और FY23 में इसे 78.93 करोड़ का प्रॉफिट हुआ है। FY24 के पहले 6 महीनों में कंपनी का नेट प्रॉफिट 351.11 करोड़ रुपये हो गया है।