Vedant Fashions IPO: वेदांत फैशंस के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को लेकर निवेशकों में मंगलवार को सब्सक्रिप्शन के तीसरे और आखिरी दिन थोड़ा उत्साह दिखा और यह 2.57 गुना सब्सक्राइब हो सका। Vedant Fashions का इश्यू 4 फरवरी को खुला था। आईपीओ खुलने के पहले दो दिन तक इसे निवेशकों की तरफ से काफी कमजोर प्रतिक्रिया मिली थी और यह सिर्फ 21% ही भर पाया था।
वेदांत फैशंस के पास 'मान्यवर (Manyavar)' और 'मोहे (Mohey)' जैसे कपड़ों के बड़े लोकप्रिय ब्रांड हैं, जिनकी देश भर में उपस्थिति है। कंपनी के दूसरे अहम ब्रांड्स में मंथन, त्वमेव और मेबाज है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कंपनी की तरफ से जारी किए गए 2,54,55,388 शेयरों के ऑफर पर उसे 6,53,72,718 शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं।
आईपीओ को क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में सबसे ज्यादा 7.49 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूनशल इनवेस्टर्स (NII) की कैटेगरी में उसे 1.07 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। रिटेल निवेशकों वाली कैटेगरी में कंपनी को सिर्फ 39 फीसदी सब्सक्रिप्शन ही मिल पाया है।
यह IPO पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के रूप में है। इसके तहत प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों ने अपने हिस्से के 3,63,64,838 शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। कंपनी के प्रमोटरों में रवि मोदी, शिल्पी मोदी और रवि मोदी फैमिली ट्रस्ट शामिल हैं।
IPO के लिए प्राइस बैंड 824 से 866 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इश्यू खुलने से एक दिन पहले वेदांत फैशंस ने गुरुवार को एंकर निवेशकों से 945 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी को प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर आईपीओ से 3,149 करोड़ रुपये जुटाए जाने की उम्मीद है।
Vedant Fashions IPO GMP Today
ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाले जानकारों के मुताबिक, मंगलवार को वेदांत फैशंस के शेयर अनलिस्टेड मार्केट में 8 रुपये यानी सिर्फ 1 फीसदी के प्रीमियम पर कारोबार कर थे। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट इस आईपीओ की फ्लैट लिस्टिंग की उम्मीद कर रहा है।