INLD और BSP मिलकर लड़ेंगे हरियाणा विधानसभा चुनाव, अभय चौटाला होंगे सीएम फेस

Haryana polls 2024: बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने घोषणा की है कि हरियाणा में होने वाला विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल के साथ मिलकर लड़ेगी। मायावती ने कहा कि हरियाणा में होने वाला विधानसभा चुनाव INLD और BSP मिलकर वहां की जनविरोधी पार्टियों को हराकर अपने नए गठबंधन की सरकार बनाने के संकल्प के साथ लड़ेंगे

अपडेटेड Jul 11, 2024 पर 2:16 PM
Haryana polls 2024: INLD विधायक अभय सिंह चौटाला गठबंधन के सीएम फेस होंगे। दोनों में इस पर सहमति बन गई है

Haryana Assembly Elections 2024: इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) ने इस साल के अंत में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने पूर्व सहयोगी दल बहुजन समाज पार्टी (BSP) से फिर से हाथ मिलाने का ऐलान किया है। दोनों दलों के प्रमुख नेताओं ने गुरुवार (11 जुलाई) को साथ में हरियाणा चुनाव लड़ने की घोषणा की। दोनों दलों के बीच हुए सीटों के बंटवारे के तहत हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों में से BSP 37 पर चुनाव लड़ेगी। जबकि बाकी की सीटों पर INLD चुनाव लड़ेगी। दोनों दलों के नेताओं ने इस साल अक्टूबर में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला को गठबंधन के सीएम फेस के तौर पर सहमति जताई।

चंडीगढ़ के बाहरी इलाके नयागांव में BSP के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि यह गठबंधन स्वार्थी हितों पर आधारित नहीं है बल्कि लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने कहा कि बसपा और इनेलो सोच रही हैं कि गरीबों को न्याय कैसे मिलेगा और कमजोर वर्ग कैसे सशक्त होगा।

पीटीआई के मुताबिक चौटाला ने कहा, "हरियाणा में हमने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। आज, आम जनता ने BJP को सत्ता से बेदखल करने और कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने का मन बना लिया है जिसने पहले 10 साल तक राज्य को लूटा।"


इस दौरान BSP के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कहा कि हाल में बसपा सुप्रीमो मायावती और चौटाला ने गठबंधन के संबंध में एक लंबी बैठक की थी। उन्होंने कहा, "उस बैठक में यह तय किया गया कि हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों में से बसपा 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।"

इससे पहले फरवरी 2019 में बहुजन समाज पार्टी ने इनेलो के साथ अपना करीब 9 माह पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। इनेलो उस वक्त हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल था। चौटाला परिवार में फूट के बीच यह कदम उठाया गया था। हरियाणा में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

मायावती ने भी की पुष्टि

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी घोषणा की है कि हरियाणा में होने वाला विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल के साथ मिलकर लड़ेगी। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, ''हरियाणा में होने वाला विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी और इंडियन नेशनल लोकदल मिलकर वहां की जनविरोधी पार्टियों को हराकर, अपने नए गठबंधन की सरकार बनाने के संकल्प के साथ लड़ेंगे। इसकी घोषणा मेरे आशीर्वाद के साथ आज चंडीगढ़ में संयुक्त प्रेसवार्ता में की गई।''

उन्होंने कहा, ''इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला तथा बसपा के आनंद कुमार, राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद और पार्टी के राज्य प्रभारी रणधीर बेनीवाल की आज हुई प्रेसवार्ता से पहले दोनों पार्टियों के बीच नई दिल्ली में मेरे निवास पर गठबंधन को लेकर सफल वार्ता हुई।''

ये भी पढ़ें- मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से एक और झटका! याचिका पर सुनवाई से जज ने खुद को किया अलग

मायावती ने आगे कहा, ''हरियाणा में सर्व समाज-हितैषी जन कल्याणकारी सरकार बनाने के संकल्प के चलते इस गठबंधन में एक-दूसरे को पूरा सम्मान देकर सीटों आदि के बंटवारे में पूरी एकता व सहमति बन गई है। मुझे उम्मीद है कि यह आपसी एकजुटता जन आशीर्वाद से विरोधियों को हरा कर नई सरकार बनाएगी।''

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।