Lok Sabha Election 2024 Live: 'कांग्रेस ने मुसलमानों के लिए कोटा लागू करने की कोशिश की'
पीएम मोदी ने मंगलवार को राजस्थान में एक चुनावी जनसभा में कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा से तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति की रही है। 2004 में जैसे ही केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी, उसका सबसे पहला काम था आंध्र प्रदेश में SC/ST के आरक्षण में से कमी करके मुसलमानों को आरक्षण देने का प्रयास।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ये एक पायलट प्रोजेक्ट था, जिसे कांग्रेस पूरे देश में आजमाना चाहती थी। 2004 से 2010 के बीच कांग्रेस ने 4 बार आंध्र प्रदेश में मुस्लिम रिजर्वेशन लागू करने की कोशिश की। लेकिन कानूनी अड़चनों की वजह से, सुप्रीम कोर्ट की जागरूकता के कारण वो अपने मंसूबे पूरे नहीं कर पाए।
उन्होंने कहा कि 2011 में कांग्रेस ने इसे पूरे देश में लागू करने की कोशिश की। SC/ST और OBC को मिला हुआ अधिकार छीनकर, वोटबैंक की राजनीति के लिए औरों को देने का खेल किया। कांग्रेस ने इतने प्रयास ये जानते हुए किए कि ये सब संविधान की मूल भावना के खिलाफ था। लेकिन कांग्रेस ने संविधान की परवाह नहीं की।