Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओडिशा इकाई के नेताओं ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब ओडिशा में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए BJP और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (BJD) में गठबंधन के संकेत हैं। सूत्रों ने बताया कि BJP और BJD में गठबंधन (BJP-BJD Alliance) होने की पूरी संभावना है। सूत्रों ने बताया कि गठबंधन की औपचारिक घोषणा कभी भी हो सकती है।
लेकिन इस पर शीर्ष नेतृत्व निर्णय लेगा और यह विभिन्न पहलुओं, खासतौर पर सीट बंटवारे पर निर्भर करेगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन होने की स्थिति में BJP राज्य की अधिकतर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। जबकि BJD विधानसभा की अधिकतर सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
ओडिशा में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 147 सीट है। पिछले लोकसभा चुनाव में BJD और BJP क्रमश: 12 और आठ सीट पर जीत दर्ज की थी। विधानसभा में BJD और BJP क्रमश: 112 और 23 सीट पर कब्जा किया था।
दोनों दलों के बीच गठबंधन होने के कयास तेज हो रहे हैं। पूर्व भी दोनों दल गठबंधन कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक सार्वजनिक रूप से एक दूसरे की प्रशंसा करते रहे हैं। मंगलवार को भी राज्य में आयोजित पीएम मोदी की रैली में ऐसा ही दृश्य देखने को मिला था।
BJD संसद में अधिकतर समय मोदी सरकार के एजेंडे का समर्थन करती नजर आई है। दोनों दल 1998 से 2009 तक सहयोगी रहे। मुख्यमंत्री बनने से पहले नवीन पटनायक 1990 के दशक में दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री थे।
BJD ने हाल ही में बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार अश्विनी वैश्य को समर्थन दिया था। संयोग से, BJD ने दूसरी बार रेल मंत्री को बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया है। सूत्रों के अनुसार, BJP ओडिशा में 21 लोकसभा क्षेत्रों में से 14 सीटें मांग रही है। वर्तमान में BJP के पास 8 और BJD के पास 12 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस के पास 1 है।