Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व दिग्गज नेता तापस रॉय (Tapas Roy) बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। रॉय ने रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। पूर्व TMC नेता बंगाल सरकार में राज्य विकास और योजना मंत्री के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के कामकाज और तरीकों पर नाराजगी जताई थी और विधायक पद छोड़ दिया था। रॉय ने कहा, “मैंने विधायक के रूप में अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया है। मैं अब एक आजाद पंछी हूं।"
उन्होंने अपने घर पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के दौरान उनका समर्थन नहीं करने और संदेशखाली मुद्दे से निपटने के 'गलत' तरीके के लिए टीएमसी के शीर्ष अधिकारियों पर भी निशाना साधा।
आगामी लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) से पहले तापस रॉय (Tapas Roy) के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।
'शाहजहां शेख के बारे में बोला, मेरे बारे में नहीं'
रॉय ने मध्य कोलकाता में अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए इस साल 12 जनवरी को ईडी के छापे के बाद उनके साथ खड़े नहीं होने के लिए पार्टी नेतृत्व की आलोचना की।
रॉय ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा में कहा कि ED शाहजहां शेख को निशाना बना रही है। मैं उम्मीद कर रहा था कि वह मेरे घर पर छापे के बारे में भी एक या दो शब्द बोलेंगी, लेकिन उन्होंने एक शब्द भी नहीं बोला।’’
पहली बार 1996 में विद्यासागर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए तापस रॉय तृणमूल कांग्रेस के अनुभवी नेता हैं।
उन्होंने 2001 के विधानसभा चुनाव में बड़ा बाजार से TMC के टिकट पर जीत हासिल की। बाद में 2011 में, वह उत्तर 24 परगना जिले के बारानगर विधानसभा क्षेत्र में चले गए और तब से इस सीट से TMC विधायक हैं।