Lok Sabha Elections 2024: अमेठी पहुंचने पर राहुल गांधी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कसा तंज

Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार (19 फरवरी) से अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। वह ऐसे समय अपने संसदीय क्षेत्र में यात्रा पर हैं जब अमेठी के पूर्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' भी शहर में प्रवेश कर चुकी है

अपडेटेड Feb 19, 2024 पर 7:35 PM
Story continues below Advertisement
Lok Sabha Elections 2024: राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर अमेठी में आमने-सामने हैं

Smriti Irani vs Rahul Gandhi In Amethi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के अमेठी में पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और 'राहुल वापस जाओ' के नारे लगाए। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने 'जय श्रीराम' का झंडा लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष विष्णु मिश्रा के नेतृत्व में राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और जय श्रीराम के नारे भी लगाए। हालांकि, पुलिस बीजेपी कार्यकर्ताओं को चौक से करीब 30 मीटर दूर रोकने में सफल रही।

इस बीच, अमेठी के चार दिन के दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने विकास खंड भादर के टीकरमाफी और भादर जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान एक ग्रामीण की शिकायत पर लेखपाल को धरने पर बैठने की धमकी दी।

राहुल गांधी को हराकर 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट गांधी नेहरू परिवार से छीनने वाली स्मृति ईरानी जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से गांवों में चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनने और उनका समाधान कराने में लगी हैं।


अमेठी के टीकरमाफी में जनसुनवाई के दौरान स्मृति ईरानी ने जमीन पर अवैध कब्जे के एक मामले में लेखपाल सुधांशु श्रीवास्तव को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही उनसे आधे घंटे के अंदर अवैध कब्जा हटाने को कहा। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने धरने पर बैठने की धमकी दी।

स्मृति ईरानी ने कसा तंज

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल नहीं होने का दावा करते हुए कहा कि जिसे खुद सहारे की जरूरत है वो दूसरों के लिए सहारा कैसे बन सकता है। अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के चार दिन के दौरे पर आयीं ईरानी ने राहुल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी आज अमेठी यात्रा लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने अमेठी को सत्ता का केंद्र तो माना मगर उसकी सेवा नहीं की। यही कारण है कि उनका स्वागत अमेठी की सूनी सड़कों ने किया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी की यात्रा में हिस्सा नहीं लिया। यही वजह है कि कांग्रेस को सुलतानपुर और प्रतापगढ से कार्यकर्ता बुलाने पड़े।''

उन्होंने कहा, ''जिसे खुद सहारे की जरूरत है वह आखिर दूसरों का सहारा कैसे बन सकता है।'' ईरानी ने कांग्रेस नेतृत्व द्वारा अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिरकत करने से इनकार किए जाने को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ''ये वही लोग हैं जिन्होंने रामलला (अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम) का निमंत्रण ठुकरा दिया था। इससे अमेठी के नागरिक व्यथित हैं। यही कारण है कि आज जब राहुल गांधी अमेठी आए हैं तो यहां के लोगों का सहयोग उन्हें नहीं मिला है।''

उन्होंने रायबरेली से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा चुनाव नहीं लड़े जाने और राज्यसभा जाने के ऐलान की तरफ इशारा करते हुए कहा, ''2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी ने बदलाव करके इस परिवार को यहां से विदा कर दिया और यही कारण है कि 2024 में यह परिवार रायबरेली से भी भाग निकला।'' ईरानी ने दावा किया कि आजादी के बाद से 2014 तक अमेठी में मात्र 500 करोड़ का निवेश आया था लेकिन गुजरे 10 वर्षों में जिले में 6,552 करोड़ का निवेश हुआ है तथा 20000 लोगों को नौकरियां भी मिली हैं।

राहुल का केंद्र पर निशाना

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेठी में अपने संबोधन के दौरान किसानों को दिल्ली आने से रोकने के लिए PM मोदी ने बड़ी-बड़ी दीवारें बनवा रखी हैं। उन्होंने कहा कि देश का किसान MSP ही तो मांग रहा है। मोदी सरकार अरबपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ कर सकती है, लेकिन किसान को MSP नहीं दे सकती। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने कहा दिया है कि हम किसानों को MSP की लीगल गारंटी देंगे।

राहुल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेरे पास कई युवा आए, जिन्होंने मुझे बताया कि उनकी जिंदगी बर्बाद हो गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां जो भी परीक्षा होती है, उसका पेपर लीक हो जाता है। उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता, ये यहां की सच्चाई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश के युवा मोबाइल फोन पर घंटों वीडियो देखते रहते हैं, एक दूसरे को वीडियो भेजते रहते हैं। लेकिन अरबपतियों के बेटे मोबाइल में वीडियो नहीं देखते, वो अपने पैसे गिनते हैं।

5 साल बाद हुआ आमना-सामना

स्मृति ईरानी अपने भाषणों में राहुल गांधी और नेहरू गांधी परिवार की खुलकर आलोचना करती रही हैं। ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट पर राहुल को पराजित किया था। उसके बाद से अमेठी में दोनों नेता संभवतः पहली बार एक साथ मौजूद थे, वह भी एक ही विधानसभा क्षेत्र में...।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि सांसद स्मृति ईरानी चार दिन अमेठी में रहेंगी। उनके मुताबिक इस दौरान गांवों में वह जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनेंगी। साथ ही 22 फरवरी को अपने गृह प्रवेश कार्यक्रम में मौजूद रहेगी एवं पूजा-अर्चना करेंगी।

वहीं, अमेठी कांग्रेस के मीडिया प्रभारी अनिल सिंह के मुताबिक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के तहत 19 फरवरी को करीब तीन बजे अमेठी की सीमा में प्रवेश की। अमेठी में आज उनका रात विश्राम का भी कार्यक्रम है। वह अमेठी में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Feb 19, 2024 7:18 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।