एथेनॉल के दाम बढ़ाने को कैबिनेट की मंजूरी, 2025 तक पेट्रोल में होगी 20% एथेनॉल ब्लेंडिग

सरकार के इस फैसले से परंपरागत पेट्रोलियम उत्पादों में एथेनॉल की ब्लेंडिग बढ़ाने मे सहायता मिलेगी

अपडेटेड Nov 11, 2021 पर 8:42 AM
Story continues below Advertisement

आर्थिक मामलों पर कैबिनेट की समिति की आज यानी 10 नवंबर को हुई बैठक में एथेनॉल की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई। सरकार के इस फैसले से गन्ना किसानों को फायदा होगा। सरकार के इस फैसले से परंपरागत पेट्रोलियम उत्पादों में एथेनॉल की ब्लेंडिग बढ़ाने मे  सहायता मिलेगी।

इस बढ़ोतरी से गन्ने से बने एथेनॉल की कीमत 62.65 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 63.45  रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। इस बात की जानकारी आज सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने यह भी बताया कि एथेनॉल की कीमतों में यह बढ़ोतरी 1 दिसबंर लागू होगी।

इसके अलावा B-हैवी मोलासेस (शीरा) और C-हैवी मोलासेस (शीरा) से बने एथेनॉल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है।  B-हैवी मोलासेस (शीरा) की कीमत बढ़ाकर 46.66 रुपये प्रति लीटर और C-हैवी मोलासेस (शीरा) से बने एथेनॉल की कीमत 44.54 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

सरकार ने पिछली बार एथेनॉल की कीमतें 2020 में बढ़ाई थी। उस समय एथेनॉल में 3.34 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। एथेनॉल की कीमतों में यह बढ़ोतरी उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनावों के पहले की गई है।

बता दें कि उत्तरप्रदेश में गन्ना किसानों की एक बड़ी संख्या है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि एथेनॉल की कीमतों में की गई इस बढ़ोतरी से 12 राज्यों के किसानों को फायदा होगा ।

बता दें कि भारत में तेल की आयात लागत घटाने और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को  कम करने के लिए पेट्रोल में 10 फीसदी एथेनॉल मिलाने की मंजूरी है। सरकार एथेनॉल ब्लेंडिग पेट्रोल प्रोगाम को बढ़ावा दे रही है जिसके तहत ऑयल मार्केटिंग कंपनियां पेट्रोल में 10 फीसदी एथेनॉल की ब्लेंडिग करके इसकी बिक्री करती है।


सरकार का लक्ष्य  पेट्रोल में एथेनॉल की ब्लेंडिग बढ़ाकर 20 फीसदी करने का है। सरकार 20 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिग की अपनी यह योजना अप्रैल 2025 से लागू कर सकती है। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।