Adani Group News: हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी 70 वर्ष की उम्र में रिटायरमेंट की योजना बना रहे हैं। हालांकि अब अदाणी ग्रुप ने इसे लेकर सफाई पेश की है कि ऐसा कुछ भी नहीं है। शेयर बाजारों को भेजी गई जानकारी में अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइेज ने खुलासा किया कि गौतम अदाणी ने इन सभी रिपोर्ट्स को आधारहीन बताया जिसमें उनके 70 वर्ष की उम्र तक रिटायरमेंट की बात कही गई है। गौतम अदाणी का कहना है कि अभी तक उन्होंने रिटायरमेंट के लिए कोई खास टाइमलाइन फिक्स नहीं किया है।
Adani Enterprises को क्यों देनी पड़ी सफाई?
न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग ने 5 अगस्त को दावा किया था कि 62 वर्षीय गौतम अदाणी 70 वर्ष की उम्र तक रिटायरमेंट की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक गौतम अदाणी अपने बेटों करण और जीत के साथ-साथ भतीजों प्रणव और सागर को फैमिली ट्रस्ट में बराबर-बराबर हिस्सेदार बनाना चाहते हैं। अब इस पर अदाणी एंटरप्राइजेज ने कहा कि गौतम अदाणी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में उत्ताधिकार योजना पर अपने विचार ही जाहिर किए थे, इसमें किसी तारीख या टाइमलाइन की जिक्र नहीं हुआ था। उन्होंने कहा था कि उत्तराधिकार सिर्फ एक घटना नहीं है बल्कि एक यात्रा है और इसे व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए।
अदाणी एंटरप्राइजेज ने यह भी कहा कि रिपोर्ट में फैमिली ट्रस्ट में उत्तराधिकारियों की बराबर हिस्सेदारी को लेकर भी गलत तरीके से पेश किया गया जबकि गौतम अदाणी ने ग्रुप के अलग-अलग कारोबार में अपने बेटों और भतीजों की भागीदारी का जिक्र किया था।
कैसी है अदाणी एंटरप्राइजेज की सेहत
जून 2024 तिमाही में अदाणी एंटरप्राइजेज का कंसालिडेटेड ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 12 फीसदी उछलकर 25,472.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि तिमाही आधार पर इसमें करीब 13 फीसदी की गिरावट आई। मुनाफे की बात करें तो सालाना आधार पर नेट प्रॉफिट करीब 162 फीसदी और तिमाही आधार पर 403 फीसदी उछलकर 1,772.26 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। शेयरों की बात करें तो आज BSE पर यह 0.61 फीसदी की गिरावट के साथ 3165.70 रुपये पर बंद हुआ है। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 20 नवंबर 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 2,142.30 रुपये पर था और 3 जून 2024 को एक साल के हाई 3743 रुपये पर था।