Angel One Shares: एंजल वन के शेयरों में आज 20 अगस्त को बंपर तेजी आई। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 15 फीसदी उछलकर 2,715 रुपये के भाव पर पहुंच गए। पिछले 4 दिनों से लगातार कंपनी के शेयरों में तेजी जारी है। इस दौरान यह शेयर करीब 27.5 फीसदी बढ़ चुका है। हालांकि इस तेजी के बाववूद कंपनी का शेयर अभी भी अपने 52-वीक हाई से करीब 33 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है। एंजल वन के शेयरों का 52-वीक हाई 3,896 रुपये है, जो इसने इसी साल जनवरी में छुआ था। इस साल निफ्टी-500 इंडेक्स के यह 5 सबसे अधिक खराब प्रदर्शन करने वाले शेयरों में से एक है। 2024 में इस शेयर में अबतक करीब 25 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
चार्ट पर एंजल वन के शेयर अपने 50-दिनों के मूविंग एवरेज से ऊपर बंद हुए, जो अप्रैल से ही शेयर के लिए रेजिस्टेंस के रूप में काम कर रहा था। आज की तेजी के साथ शेयर ने अब अपने 100 दिनों के मूविंग एवरेज को भी पार कर दिया है। अब इसका शेयर अपने 200-दिनों के मूविंग एवरेज की ओर बढ़ रहा है, जो 2,800 रुपये के स्तर के पास है।
जुलाई में कुछ समय के लिए ओवरसोल्ड जोन में चले जाने के बाद, अब इसका रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) ओवरबॉट जोन की तरफ आ रहा है और फिलहाल यह 69 पर है। 70 से ऊपर का RSI रीडिंग यह संकेत देता है कि स्टॉक ओवरबॉट जोन में है।
एक्सपर्ट्स की क्या है राय
आनंद राठी के जिगर पटेल ने कहा, "एंजल वन ने सफलतापूर्वक 2300 के स्तर को पार कर लिया है और इस सीमा से ऊपर खुद को बनाए रखने में कामयाब रहा है। यह इस स्टॉक को लेकर मार्केट सेंटीमेंट के बुलिश होने का संकेत है।" उन्होंने यह भी कहा कि शेयर अब लंबे समय से जारी बेयरिंश ट्रेंड से बाहर आ गया है, जो पिछले करीब सात से आठ महीनों से देखा जा रहा था। यह संकेत है कि स्टॉक में गिरावट का दौर खत्म हो गया है और एक नए अपट्रेंड की शुरुआत हो सकती है।
पटेल ने कहा, "इन फैक्टर्स को देखते हुए, यह शेयर खरीदने के लिए एक आकर्षक दांव बन जाता है। इसलिए, 2500 से 2600 रुपये के प्राइस जोन में एक लॉन्ग पोजिशन लेने की सलाह दी जाती है और इसे 3,200 रुपये के टारगेट के साथ होल्ड किया जा सकता है। जोखिम को मैनेज करने के लिए, डेली क्लोजिंग के आधार पर ₹2,225 पर स्टॉप-लॉस लगाने की सलाह दी जाती है।"
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।