मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने बुधवार 29 मार्च को शेयर बाजार के लिए एप्लिकेशन सपोर्टेड बाय ब्लॉक्ड अमाउंट (ASBA) सुविधा के लिए अपनी मंजूरी दे दी। इस पहल का उद्देश्य निवेशकों के पैसे को शेयर ब्रोकरों के दुरुपयोग से सुरक्षित रखना है। सेबी के बोर्ड की बुधवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच (Madhabi Puri Buch) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "फिलहाल इस चरण में ब्रोकरों और निवेशकों के लिए इसे ऑफर करना और इसका लाभ उठाना ऑप्शनल यानी वैकल्पिक होगा।"
