BSE Share Price: बीएसई के शेयरों में आज खरीदारी का ऐसा रुझान दिखा कि यह नई ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब पूंजी बाजार नियामक सेबी ने एक्सचेंजों को मंगलवार या गुरुवार, दोनों में से किसी एक दिन को एफएंडओ की एक्सपायरी के लिए चुनने का निर्देश दिया है। बीएसई के शेयरों की बात करें तो आज इंट्रा-डे में यब 9.15 फीसदी उछलकर 2,690.00 रुपये के भाव पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई है। पिछले साल 23 जुलाई 2024 को यह एक साल के निचले स्तर 705.00 रुपये पर था। आज एनएसई पर यह 8.30 फीसदी की बढ़त के साथ 2,669.00 रुपये पर बंद हुआ है।
SEBI ने क्या निर्देश दिया है एक्सचेंजों को?
सेबी ने 26 मई को एक सर्कुलर जारी किया था। इसके मुताबिक हर एक्सचेंज को मंगलवार या गुरुवार, दोनों में से किसी एक दिन को एक वीकली बेंचमार्क इंडेक्स ऑप्शंस कॉन्ट्रैक्ट की एक्सपायरी के लिए चुनना होगा। इसके अलावा बेंचमार्क इंडेक्स के ऑप्शंस के साथ ही अन्य सभी इक्विटी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की समाप्ति भी हर महीने के आखिरी सप्ताह में उनके चुने हुए दिन यानी मंगलवार या महीने के आखिरी गुरुवार को होगी। सेबी ने एक्सचेंजों को अपना प्रस्ताव 15 जून 2025 तक दाखिल करने को कहा है जिसमें वह बताएंगे कि कौन-सा दिन एक्सपायरी के लिए चुन रहे हैं।
BSE को लेकर क्या है ब्रोकरेज फर्म का रुझान?
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने बीएसई के शेयरों की न्यूट्रल रेटिंग दी है। एफएंडओ एक्सपायरी के लिए एनएसई मंगलवार का दिन चुन सकता है और ऐसे में गोल्डमैन का मानना है कि बीएसई की इंडेक्स ऑप्शंस प्रीमियम में हिस्सेदारी 3-4 पर्सेंटेज प्वाइंट्स गिर सकता है और इस साल अब तक के रुझान के हिसाब से यह 22.2 फीसदी से गिरकर 18.8 फीसदी तक आ सकता है। इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 12 एनालिस्ट्स में से 9 ने इसे खरीदारी, 2 ने होल्ड और 1 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस 2633 रुपये है और लोएस्ट टारगेट प्राइस 1780 रुपये।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।