दोपहिया और तिपहिया गाड़ियां बनाने वाली दिग्गज कंपनी बजाज ऑटो (Bajaj Auto) के शेयरों में आज खरीदारी की शानदार रुझान दिखा। देश की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी बजाज ऑटो और ब्रिटेन की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल कंपनी ट्रिम्फ (Triumph) साझेदारी के तहत अपना पहला लॉन्च जल्द करने वाली हैं, उससे पहले ही निवेशकों का क्रेज दिख रहा है। आज बीएसई पर इंट्रा-डे में बजाज ऑटो के शेयर बीएसई पर डेढ़ फीसदी से अधिक उछलकर 4678.80 रुपये पर पहुंच गए। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के चलते भाव में सुस्ती आई और दिन के आखिरी में यह 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 4620 रुपये (Bajaj Auto Share Price) पर बंद हुआ।
Royal Enfield से Bajaj Auto की भिड़ंत पर निवेशक उत्साहित
बजाज ऑटो और ट्रिम्फ की साझेदारी में पहला लॉन्च होना अभी बाकी है लेतिन अनुमान लगाया जा रहा है कि स्क्रैम्बलर और रोडस्टर के मॉडल लन्दन में लॉन्च हो सकते हैं। ये 300-400 सीसी के इंजन के साथ लैस हो सकते हैं यानी कि बुलेट बनाने वाली कंपनी रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) से सीधे भिड़ंत होगी। बजाज और ट्रिम्फ ने 2020 में साझेदारी का ऐलान किया था जिसके तहत उनकी योजना ट्रिम्फ की मीडियम साइज की मोटरसाइकिल्स बनाने की थी। बजाज ऑटो ने अधिक सीसी क्षमता के इंजन की बाइक्स बनाने के लिए इससे पहले केटीएम (KTM) और हुश्कवर्ना (Husqvarna) के साथ भी साझेदारी किया था।
ब्रोकरेज का क्या है रुझान
बजाज और ट्रिम्फ के बीच साझेदारी को लेकर अभी तक एनालिस्ट्स का रुझान स्पष्ट नहीं है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई डायरेक्ट के एनालिस्ट्स के मुताबिक अभी वे दोनों की साझेदारी में अफोर्डेबल ऑफर के खुलने का इंतजार कर रहे हैं। ट्रिम्फ अभी 600 सीसी से अधिक क्षमता के इंजन वाली बाइक्स बेचती है और वित्त वर्ष 2023 में इसने 1000 बाइक्स बेची थी। अब बजाज के साथ इसने 300 सीसी की बाइक्स निकालने का फैसला किया है और ब्रोकरेज इसी इंतजार कर रहे हैं। अभी इस सेगमेंट यानी 300 सीसी की बाइक्स में रॉयल एनफील्ड का कब्जा है। एनालिस्ट्स सिर्फ इस लॉन्च का ही इंतजार नहीं कर रहे हैं, बल्कि कंपनी के निर्यात आंकड़ों का भी इंतजार कर रहे हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।