Stock in Focus: सरकारी डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) को नए वित्त वर्ष की शुरुआत में ही बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी ने सोमवार (25 मई) को बताया कि 5 मई 2026 के पिछले खुलासे के बाद उसे 608 करोड़ रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर हासिल हुए हैं।
इन नए ऑर्डरों के साथ कंपनी के कारोबार को और मजबूती मिली है। इससे आने वाले समय में रेवेन्यू और प्रोजेक्ट्स एग्जीक्यूशन को लेकर भी बेहतर संकेत मिले हैं।
किस तरह के ऑर्डर मिले हैं?
सरकारी नवरत्न कंपनी BEL ने बताया कि उसे कई तरह के रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों से जुड़े ऑर्डर मिले हैं। इनमें संचार उपकरण शामिल हैं। कंपनी को एवियोनिक्स और सूचना समेकन केंद्रों के लिए भी ऑर्डर मिले हैं। तटीय निगरानी रडार प्रणाली, सीकर और जैमर की सप्लाई के ऑर्डर भी मिले हैं। इसके अलावा टैंक सब-सिस्टम, लेजर आधारित फ्यूज और सिम्युलेटर से जुड़े ठेके हासिल हुए हैं।
पिछले महीने भी मिले थे नए ऑर्डर
BEL को पिछले महीने भी 569 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले थे। यह वित्त वर्ष 2027 में कंपनी को मिलने वाले ऑर्डरों की शुरुआती खेप थी। अब 608 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिलने से कंपनी के ऑर्डर फ्लो में और मजबूती आई है।
रक्षा उपकरणों की मांग बनी हुई मजबूत
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में BEL ने कहा कि इन ऑर्डरों से साफ होता है कि उसके प्रमुख रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा प्रणालियों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। भारतीय रक्षा क्षेत्र में बढ़ते निवेश और स्वदेशी रक्षा उपकरणों पर जोर का फायदा कंपनी को मिल रहा है।
वित्त वर्ष 2026 कंपनी के लिए काफी मजबूत रहा था। BEL को पूरे वर्ष के दौरान लगभग 30,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले थे। इनमें 346 मिलियन डॉलर के निर्यात ऑर्डर भी शामिल थे।
कंपनी की निर्यात बिक्री भी सालाना आधार पर 33.6% बढ़कर 141.9 मिलियन डॉलर पहुंच गई थी। इससे साफ है कि घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी BEL की मौजूदगी मजबूत हो रही है।
74,000 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक
1 अप्रैल 2026 तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक लगभग 74,000 करोड़ रुपये थी। इतनी बड़ी ऑर्डर बुक आने वाले वर्षों में कंपनी को लगातार काम और राजस्व मिलने की मजबूत संभावना दिखाती है। नए वित्त वर्ष की शुरुआत में मिले ताजा ऑर्डर कंपनी को भविष्य के कारोबार को लेकर बेहतर नजरिया भी देते हैं।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड का शेयर सोमवार को BSE पर 1.25% की बढ़त के साथ 421.75 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 साल में स्टॉक 9.69% बढ़ा है। वहीं, 1 साल में इसने 773.65% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।