Block Deal: आज मार्केट में काफी उतार-चढ़ाव रहा। दिन की शुरुआत में मार्केट ग्रीन थी लेकिन दोपहर तक यह रेड जोन में आ गया। वहीं इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो आज पांच कंपनियों के शेयरों की भारी ब्लॉक डील हुई। इसके चलते इन शेयरों- कोफोर्ज (Coforge), मैक्स फाइनेंशियल (Max Financial), मणप्पुरम फाइनेंस (Manappuram Finance), आरबीएल बैंक (RBL Bank) और सफायर फूड्स (Sapphire Foods) में आज अच्छी-खासी हलचल दिखी। इसमें से दो ही आज गिरकर बंद हुए हैं जबकि बाकी में अच्छी तेजी रही।
दिग्गज आईटी कंनी कोफोर्ज के 1.54 करोड़ शेयरों का आज एक ब्लॉक डील में लेन-देन हुआ। यह सौदा करीब 7,329.3 करोड़ रुपये का पड़ा। इसके शेयरों की खरीदारी किसने की और किसने बेचा, इसका खुलासा तो नहीं हुआ है लेकिन सीएनबीसी-आवाज ने हाल ही में सूत्रों के हवाले से जानकारी दी थी कि Hulst BV अपनी पूरी की पूरी 26 फीसदी हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रही है। इसके शेयर आज बीएसई पर 9.56 फीसदी की बढ़त के साथ 5381.20 रुपये पर बंद हुए हैं जबकि इंट्रा-डे में यह 5403.85 रुपये तक पहुंचा था।
मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में आज अच्छी तेजी रही। ब्लूमबर्ग के मुताबिक आज मैक्स फाइनेंशियल के 1.13 करोड़ शेयरों यानी 3.6 फीसदी हिस्सेदारी की ब्लॉक डील हुई। हालांकि किसने खरीदारी की और किसने बेचा, इसका खुलासा नहीं हुआ है। इसके शेयर बीएसई पर 2.79 फीसदी की बढ़त के साथ 906.25 रुपये पर बंद हुए हैं।
मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों की आज भारी ब्लॉक डील ने भाव तोड़ दिए। ब्लूमबर्ग के मुताबिक एनबीएफसी मणप्पुरम फाइनेंस की करीब 11 फीसदी हिस्सेदारी का आज लेन-देन हुआ। हालांकि इसके शेयरों को किसने खरीदार और किसने बेचा, इसका खुलासा नहीं हो सका है। इसके चलते यह 2.64 फीसदी की गिरावट के साथ 142.25 रुपये पर बंद हुआ है जबकि इंट्रा-डे में यह 140 रुपए तक आ गया था।
आरबीएल बैंक के शेयर आज ब्लॉक डील के चलते 0.78 फीसदी टूटकर बीएसई पर 228.45 रुपये पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में यह 227.70 रुपये तक आ गया था। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के हिसाब से आरबीएल बैंक की आज करीब 1.7 फीसदी हिस्सेदारी का लेन-देन हुआ। हालांकि यह खरीदारी-बिक्री किसने की, इसका खुलासा नहीं हो सका है। बैंक के 235.6 करोड़ रुपये के के 1.02 करोड़ शेयरों का लेन-देन हुआ।
सफायर फूड्स के करीब 2.6 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर यानी करीब 6 लाख शेयरों का आज लेन-देन हुआ। यह ब्लॉक डील करीब 220 करोड़ रुपये का रहा। सफायर फूड्स के शेयर आज बीएसई पर 0.67 फीसदी की मजबूती के साथ 1370 रुपये पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में यह 1373 रुपये तक पहुंचा था।