टाटा ग्रुप (Tata Group) की इंटीग्रेटेड पावर यूटिलिटी कंपनी टाटा पावर (Tata Power) के शेयरों में आज खरीदारी का दमदार रुझान दिख रहा है। इसके शेयर इंट्रा-डे में करीब 3 फीसदी उछलकर एक साल के हाई पर पहुंच गया। इसके शेयरों में आज लगातार चौथे दिन तेजी का रुझान रहा और यह एक पावर पर्चेज एग्रीमेंट के चलते है। इस एग्रीमेंट के चलते शेयर चार दिन में करीब 10 फीसदी चढ़ गए। दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 1.69 फीसदी की मजबूती के साथ 249.55 रुपये (Tata Power Share Price) पर बंद हुए। इंट्रा-डे में यह 252.75 रुपये पर पहुंचा था।
किस पावर पर्चेज एग्रीमेंट से मिला Tata Power को सपोर्ट
टाटा पावर की सब्सिडियरी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (TRREL) ने टाटा मोटर्स पंतनगर प्लांट के साथ एक पावर पर्चेज एग्रीमेंट (PPA) यानी बिजली खरीद के लिए एक सौदा किया है। इस एग्रीमेंट के तहत उत्तराखंड के टाटा मोटर्स पंतनगर प्लांट में यह 9 मेगावाट पीक (MWp) की क्षमता वाला कैंपस सोलर प्लांट बनाया जाएगा है। यह प्लांट उत्तराखंड में सबसे बड़ा ऑन-कैंपस सोलर प्लांट होगा। कंपनी ने इसकी जानकारी 21 अगस्त को एक्सचेंज फाइलिंग में दी थी। यह प्रोजेक्ट 6 महीने के भीतर पूरा हो जाएगा।
इससे पहले टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी और टाटा मोटर्स मिलकर पंतनगर के मैनुफैक्चरिंग प्लांट में 7 मेगावाट पीक का सोलर प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक स्थापित किया है। अब टाटा मोटर्स के पंतनगर प्लांट की कुल सोलर क्षमता 16 मेगावाट पीक की है और यह सालाना 224 लाख यूनिट जेनेरेट होगी जिससे इसकी 60 फीसदी जरूरतें पूरी कर सकती है।
पांच महीने में शेयरों ने 39% दिया है रिटर्न
टाटा पावर के शेयरों ने अच्छा-खासा रिटर्न दिया है। इस साल 28 मार्च 2023 को यह 182.45 रुपये पर था जो इसका एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद पांच महीने में ही यह करीब 39 फीसदी उछलकर आज 24 अगस्त 2023 को एक साल के हाई 252.75 रुपये पर पहुंच गया। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो जून 2023 तिमाही में इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर हायर रेवेन्यू के दम पर 29 फीसदी से अधिक उछलकर 1,140.97 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। लगातार 15वीं तिमाही में इसका नेट प्रॉफिट बढ़ा है। इसका कंसालिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 5.8 फीसदी बढ़कर 15,485 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रेटिंग एजेंसियों केयर रेटिंग्स और इक्रा ने इसकी क्रेडिट रेटिंग को एए स्टेबल से एए पॉजिटिव कर दिया है।