बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज (BLS International Services) अपनी ग्रोथ और विस्तार को बढ़ाने के लिए बड़े बदलाव की तैयार हो रही है। कंपनी के ज्वाइंट मैनेजिंड डायरेक्टर, शिखर अग्रवाल ने हमारे सहयोगी न्यूज चैनल CNBC-TV18 को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि उसकी सब्सिडियरी कंपनी BLS ई-सर्विसेज (BLS E-Services) एक इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के जरिए 2.4 करोड़ शेयरों को बेचने की तैयारी कर रही है। BLS ई-सर्विसेज, बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज की सहायक कंपनी है। यह बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट और ई-गवर्नेंस बिजनेस में लगी हुई है। इसने मौजूदा वित्त वर्ष की जून तिमाही में पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले बेहतर रेवेन्यू और मुनाफा दर्ज किया है।
बता दें कि BLS International Services पहले से भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध है। गुरुवार 24 अगस्त को इसके शेयर एनएसई पर 1.49 फीसदी बढ़कर 280.05 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस भाव पर इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 11,530 करोड़ रुपये है। अब यह अपनी एक और सब्सिडियरी कंपनी को सूचीबद्ध कराने की तैयारी में है।
शिखर अग्रवाल ने कहा, “हम लगभग 2.4 करोड़ शेयरों को कम करने की योजना बना रहे हैं। यह इश्यू पूरी तरह फ्रेश शेयरों का होगा। हमने सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा कर दिया है और मंजूरी मिलने के बाद हम इस कंपनी को सूचीबद्ध कराने की योजना बना रहे हैं।”
कंपनी को आईपीओ से पर्याप्त पूंजी मिलने की उम्मीद है, जो कंपनी के भविष्य को नया साइज देने में अहम भूमिका निभाएगी। BLS इंटरनेशनल, वीजा, पासपोर्ट, काउंसलर, सत्यापन और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में एक जाना माना नाम है। यह दुनिया भर में भिन्न सरकारों और राजनयिक मिशनों को भी रिलेटेड सेवाएं मुहैया कराती है।
इसकी पहुंच एशिया, अफ्रीका, यूरोप, दक्षिण अमेरिका, उत्तरी अमेरिका और खाड़ी देशों तक फैली हुई है। इसके अलावा, कंपनी राज्य सरकारों को नागरिक सेवाएं भी प्रदान करती है। प्रस्तावित आईपीओ के साथ, BLS अपनी सेवाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और इंडस्ट्री पर महत्वपूर्ण छाप छोड़ने की योजना रखती है।