HDFC बैंक की तरफ से आई सफाई में कहा गया है कि उसकी तरफ से इंडसइंड बैंक में हिस्सा लेने की कोई योजना नहीं। सीएनबीसी-आवाज से हुई बातचीत में HDFC बैंक की तरफ से कह गया है कि HDFC AMC और HDFC लाइफ को इंडसइंड बैंक में 9.5 फीसदी तक हिस्सा लेने को मंजूरी मिली है। HDFC बैंक ग्रुप ने बतौर प्रोमोटर RBI में इसके लिए अर्जी दी थी। इस मंजूरी के तहत HDFC ग्रुप के AMC और लाइफ इंश्योरेंस को इंडसइंड बैंक में निवेश करना है। HDFC बैंक, इंडसइंड बैंक में कोई हिस्सा नहीं खरीदने जा रहा है।
सीएनबीसी-आवाज़ से हुई बातचीत में स्पष्टीकरण देते हुए HDFC बैंक की तरफ से कहा गया है कि 'बैंक' शब्द की व्याख्या एचडीएफसी बैंक समूह के रूप में की जानी चाहिए। इंडसइंड बैंक में हिस्सेदारी हासिल करने के लिए आरबीआई की मंजूरी एचडीएफसी बैंक की एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) और जीवन बीमा शाखाओं द्वारा निवेश के लिए है। इस बात पर जोर दिया गया कि एक प्रमोटर के रूप में, एचडीएफसी बैंक को इन लेनदेन के लिए आरबीआई से मंजूरी लेनी होगी।
इंडसइंड बैंक ने सोमवार देर शाम स्टॉक एक्सचेंजों को सूचित किया कि आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक को इंडसइंड बैंक में "चुकता शेयर पूंजी या वोटिंग अधिकार की 9.50 फीसदी तक की कुल हिस्सेदारी" खरीदने की अनुमति दे दी है।
इंडसइंड बैंक ने कहा कि आरबीआई की मंजूरी एचडीएफसी बैंक द्वारा आरबीआई में किए गए आवेदन के बाद दी गई है। ये मंजूरी एक वर्ष के लिए वैध है और यदि एचडीएफसी बैंक उस अवधि के भीतर शेयरधारिता हासिल करने में विफल रहता है, तो अनुमोदन रद्द कर दिया जाएगा।
दरअसल भारतीय रिजर्व बैंक ने एचडीएफसी बैंक समूह को इंडसइंड बैंक, यस बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक और बंधन बैंक में 9.50 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की अनुमति दी है। यह मंजूरी एक साल के लिए वैध है और यदि एचडीएफसी बैंक उस अवधि के भीतर शेयरधारिता हासिल करने में विफल रहता है, तो मंजूरी रद्द कर दी जाएगी।