Coal India के शेयरों में 5% की तेजी, मिडिल ईस्ट संकट के बीच क्यों दौड़ रहा यह सरकारी स्टॉक?

Coal India Shares: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कोल इंडिया के शेयर गुरुवार 12 मार्च को 5 प्रतिशत से अधिक उछल गए। इसके साथ ही यह निफ्टी-50 इंडेक्स पर आज सबसे अधिक चढ़ने वाला शेयर रहा। दोपहर 3:15 बजे करीब, कोल इंडिया के शेयर में 5.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 469.90 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे

अपडेटेड Mar 12, 2026 पर 3:34 PM
Story continues below Advertisement
Coal India Shares: सरकार ने बुधवार को कहा कि देश के पास कोयले का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है

Coal India Shares: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कोल इंडिया के शेयर गुरुवार 12 मार्च को 5 प्रतिशत से अधिक उछल गए। इसके साथ ही यह निफ्टी-50 इंडेक्स पर आज सबसे अधिक चढ़ने वाला शेयर रहा। दोपहर 3:15 बजे करीब, कोल इंडिया के शेयर में 5.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 469.90 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।

कोल इंडिया के अलावा अदाणी एंटरप्राइजेज, NTPC और पावर ग्रिड जैसी दूसरी एनर्जी कंपनियों के शेयरों में भी 1 से 2 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली। इस दौरान निफ्टी एनर्जी इंडेक्स लगभग 2 प्रतिशत ऊपर कारोबार करता दिखाई दिया।

एनर्जी सप्लाई को लेकर बढ़ी चिंता

एक्सपर्ट्स का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ग्लोबल स्तर पर एनर्जी की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। ऐसे माहौल में निवेशक एनर्जी सेक्टर की कंपनियों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इन शेयरों में खरीदारी बढ़ी।


देश में पर्याप्त कोयला भंडार

सरकार ने बुधवार को कहा कि देश किसी भी असामान्य स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और कोयले का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कोयला मंत्रालय के अनुसार देश में कुल कोयला भंडार लगभग 210 मिलियन टन है, जो मौजूदा खपत के हिसाब से लगभग 88 दिनों की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त है।

इस साल कोयला का उत्पादन और सप्लाई, दोनों खपत से अधिक रही है। इसके कारण थर्मल पावर प्लांट और कोयला खदानों में रिकॉर्ड स्तर पर स्टॉक जमा हो गया है।

गैर-नियंत्रित क्षेत्र में भी बढ़ी सप्लाई

सरकारी आंकड़ों के अनुसार गैर-नियंत्रित क्षेत्रों को कोयले की सप्लाई पिछले साल की तुलना में लगभग 14 प्रतिशत बढ़ी है। कोल इंडिया के खदानों में पिटहेड कोयला भंडार 1 अप्रैल 2025 को 106.78 मिलियन टन था, जो 9 मार्च 2026 तक बढ़कर 121.39 मिलियन टन हो गया।

इसके अलावा Singareni Collieries Company Limited की खदानों में लगभग 6.07 मिलियन टन कोयला, कैप्टिव और कमर्शियल खदानों में लगभग 15.12 मिलियन टन और लगभग 14 मिलियन टन कोयला ट्रांजिट में मौजूद है। कुल मिलाकर यह स्टॉक लगभग 156.58 मिलियन टन तक पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे अधिक स्तर बताया जा रहा है।

इसके अलावा पावर प्लांटों के पास भी लगभग 54.05 मिलियन टन कोयला मौजूद है, जो मौजूदा खपत के हिसाब से लगभग 24 दिनों की जरूरत पूरी कर सकता है।

IPO की खबर से भी मिला सपोर्ट

कोल इंडिया के शेयरों में तेजी का एक कारण इसकी सहायक कंपनी 'सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट(CMPDI)' के संभावित आईपीओ की खबर भी है। यह कंपनी कोल इंडिया की तकनीकी और कंसल्टेंसी फर्म है। यह कंपनी SEBI के पास अपने आईपीओ के आवेदन को पहले ही जमा करा चुकी है।

प्रस्तावित आईपीओ में Coal India अपनी लगभग 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच सकती है, जिसके तहत करीब 7.14 करोड़ इक्विटी शेयरों की पेशकश की जाएगी।

यह भी पढ़ें- TTK Prestige का शेयर 14% तक उछला, LPG संकट की आशंका से लगातार तीसरे दिन बंपर खरीद

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।