DCM Shriram Share Price: डीसीएम श्रीराम इंडस्ट्रीज के शेयरों में आज 18 सितंबर को 4 फीसदी से अधिक की तेजी आई। कंपनी के शेयरों का भाव 200 रुपये के ऊपर पहुंच गया। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि BSE ने कंपनी के प्रस्तावित विलय योजना को हरी झंडी दे दी है। BSE ने अपनी रिपोर्ट में प्रस्तावित मर्जर पर कोई भी आपत्ति नहीं जारी की। श्रीराम इंडस्ट्रीज के बोर्ड ने एक साल पहले 'लिली कमर्शियल' को DCM श्रीराम इंडस्ट्रीज के साथ मर्ज करने की योजना को मंजूरी दी थी।
अब बोर्ड ने DCM श्रीराम इंडस्ट्रीज को दो अलग-अलग कंपनियों में बांटने की मंजूरी दी है- डीसीएम श्रीराम फाइन केमिकल्स और डीसीएम श्रीराम इंटरनेशनल।
BSE ने अपने लेटर में कहा कि उसे कंपनी के लिस्टिंग, डीलिस्टिंग, और अन्य लिस्टिंग जरूरतों पर कोई आपत्ति नहीं है। BSE से हरी झंडी मिलने के बाद कंपनी अब अपनी डिमर्जर योजना को NCLT के पास पेश कर सकती है। इसके अलावा, BSE ने यह भी निर्देश दिया है कि DCM श्रीराम इंडस्ट्रीज को अपने और अपने डायरेक्टरों के खिलाफ सभी चल रही अदालती कार्रवाई, वसूली की कार्यवाही, और अन्य मुकदमे से संबंधित जानकारी NCLT और शेयरधारकों के सामने पेश करना होगा। साथ ही कंपनी को SEBI के सभी नियमों और सर्कुल का सख्ती से पालन भी सुनिश्चत करना होगा।
हालिया जून तिमाही में DCM श्रीराम इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 31.36 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 27.08 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की कारोबार से कुल आय भी बढ़कर 560.46 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 527.80 करोड़ रुपये था।
DCM श्रीराम इंडस्ट्रीज एक डायवर्सिफाई ग्रुप है, जो चीनी, शराब, पावर को-जेनरेशन, केमिकल्स, औद्योगिक फाइबर और डिफेंस इंजीनियरिंग से जुड़े फील्ड में कारोबार करती है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर करीब 31% बढ़ चुके हैं, जो कि निफ्टी इंडेक्स के 16% के मुकाबले लगभग दोगुनी तेजी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।