Dixon Tech share Price: डिक्सन टेक के शेयरों को लगे पंख, 3 ब्रोकरेज फर्मों ने स्टॉक्स के टारगेट प्राइस बढ़ाए

Dixon Tech share Price: HSBC ने कहा है कि सरकार ने 15 जुलाई को जिस नई मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग इनसेंटिव स्कीम को मंजूरी दी है, उसका फायदा डिक्सन टेक्नोलॉजी को मिलेगा। ब्रोकरेज फर्म ने डिक्सन के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर का टारगेट प्राइस भी बढ़ाया है

अपडेटेड Jul 16, 2026 पर 12:49 PM
डिक्शन टेक को कवर करने वाले 33 एनालिस्ट्स में से 24 ने इसके शेयरों को खरीदने की सलाह दी है।

Dixon Tech share Price: डिक्सन टेक्नोलॉजीज (इंडिया) के शेयरों को 16 जुलाई को पंख लग गए। सुबह में शेयर मजबूत खुले। फिर 7 फीसदी तक चढ़ गए। लेकिन, मुनाफावसूली की वजह से तेजी थोड़ी सुस्त पड़ गई। 12 बजे शेयर 4.38 फीसदी चढ़कर 14,259 रुपये पर चल रहा था। शेयरों में तेजी की वजह विदेशी ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी की रिपोर्ट है। एचएसबीसी ने डिक्सन टेक को खरीदने की सलाह दी है। उसने इसका टारगेट प्राइस भी बढ़ा दिया है।

बीते एक महीने में शेयर 17 फीसदी उछला

HSBC ने कहा है कि सरकार ने 15 जुलाई को जिस नई मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग इनसेंटिव स्कीम को मंजूरी दी है, उसका फायदा डिक्सन टेक्नोलॉजी को मिलेगा। डिक्सन का शेयर 15 जुलाई को भी चढ़ा था। यह 2.5 फीसदी बढ़कर बंद हुआ था। इससे कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 83,770 करोड़ रुपये पहुंच गया था। बीते एक महीने में डिक्सन का शेयर करीब 17 फीसदी उछला है।


एचएसबीसी ने शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाया 

एचएसबीसी ने डिक्सन टेक के शेयर का टारेगट प्राइस बढ़ाकर 16,000 रुपये कर दिया है। इसका मतलब है कि यह शेयर 15 जुलाई के क्लोजिंग प्राइस से करीब 17 फीसदी चढ़ सकता है। हाल में ही सरकार ने Vivo Mobile India के साथ ज्वाइंट वेंचर बनाने के डिक्सन टेक के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। एचएसबीसी का कहना है कि मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग के सरकार के नए इनसेंटिव प्रोग्राम का सबसे ज्यादा फायदा डिक्सन टेक को मिलेगा।

वीवो के साथ ज्वाइंट वेंचर से मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ेगी

पिछले हफ्ते ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने डिक्सन टेक के शेयरों के लिए 16,100 रुपये का टारगेट प्राइस दिया था। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि कंपनी को Vivo के साथ 51:49 हिस्सेदारी के अनुपात में ज्वाइंट वेंचर बनाने के लिए सरकार की मंजूरी मिल गई है। इससे कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ेगी। इसके अलावा भारत में एंड्रॉयड स्मार्टफोन मार्केट में इसकी पोजीशन और मजबूत होगी और इसका मार्केट शेयर भी बढ़ेगा।

मैक्वायरी ने भी शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाया 

विदेशी ब्रोकरेज फर्म Macquarie ने भी डिक्सन टेक के शेयरों का टारगेट प्राइस बढ़ाया है। उसने इसे 15,000 से बढ़ाकर 16,000 रुपये कर दिया है। इसकी वजह कंपनी का वीवो के साथ ज्वाइंट वेंचर है। मैक्वायरी का कहना है कि इस ज्वाइंट वेंचर से डिक्सन टेक की अर्निंग्स प्रति शेयर (EPS) FY29 तक तीन गुनी हो जाएगी। इससे आने वाले समय में डिक्सन का प्रदर्शन मजबूत रहने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: ICICI Lombard share Price: आईसीआईसीआई लोंबार्ड का शेयर क्रैश, प्रॉफिट में गिरावट ने शेयरों पर बढ़ाया दबाव

24 एनालिस्ट्स ने दी शेयर खरीदने की सलाह

डिक्सन टेक को कवर करने वाले 33 एनालिस्ट्स में से 24 ने इसके शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। तीन ने शेयर को होल्ड करने की सलाह दी है। 6 एनालिस्ट्स ने शेयरों को बेचने की सलाह दी है। 16 जुलाई को शेयर बाजारों में तेजी दिखी। निफ्टी 0.30 फीसदी यानी 73 अंक चढ़कर 24,151 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.37 फीसदी यानी 280 अंक के उछाल के साथ 77,465 पर था। बैंक निफ्टी में गिरावट दिखी। 15 जुलाई को भी बाजार के प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।