इमामी लिमिटेड के शेयरों में आज 30 मई को 20 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई। इस समय यह स्टॉक 15.72 फीसदी की बढ़त के साथ 603.65 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, FY24 की मार्च तिमाही में कंपनी ने मजबूत नतीजे जारी किए हैं। तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज फर्म भी स्टॉक को लेकर बुलिश नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि आज कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी देखी गई। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 26,467.75 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 619 रुपये और 52-वीक लो 371.05 रुपये है।
कैसे रहे Emami के तिमाही नतीजे
इमामी लिमिटेड (Emami) का प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) चौथी तिमाही में 3.62 फीसदी बढ़कर 146.75 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का PAT 141.62 करोड़ रुपये था। तिमाही में इमामी का रेवेन्यू 891.24 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 835.95 करोड़ रुपये से 6.61 फीसदी अधिक है। इमामी की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "कंपनी ने चौथी तिमाही में वॉल्यूम आधारित प्रॉफिट ग्रोथ हासिल की है।"
इमामी ने अपने कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा कि वह अधिक गर्मियों और संभावित रूप से अच्छे मानसून को लेकर आशावादी है, और इसका लक्ष्य सस्टेनेबल और प्रॉफिटेबल वॉल्यूम के साथ ग्रोथ हासिल करना है। हालांकि कंपनी इस साल कीमतों में आक्रामक बढ़ोतरी नहीं करेगी। कंपनी को वित्त वर्ष 2025 में 2 फीसदी तक के प्राइस हाइक की उम्मीद है। इसके अलावा, इमामी ने वित्त वर्ष 2025 में कुछ मार्जिन विस्तार की भी उम्मीद जताई है।
Emami पर ब्रोकरेज फर्म की राय
फॉरेन ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने शेयर पर अपनी Buy रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक के लिए अपना टारगेट प्राइस पहले के 560 रुपये प्रति शेयर से बढ़ाकर 640 रुपये कर दिया है। गोल्डमैन सैक्स ने एक नोट में कहा कि कंपनी की ग्रोथ में तेजी और कम वैल्यूएशन मजबूत रिटर्न का अवसर प्रदान करता है। चौथी तिमाही में वॉल्यूम ग्रोथ में तेजी एक बड़ा पॉजिटिव सरप्राइस रहा, जिसमें डिस्ट्रीब्यूशन में विस्तार से ग्रामीण क्षेत्र में रिकवरी हुई। ब्रोकरेज ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025 की दूसरी छमाही के दौरान मजबूत गर्मी के मौसम में डबल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद है।
घरेलू ब्रोकरेज हाउस नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने भी स्टॉक को Buy रेटिंग दी है और अपने टारगेट प्राइस को ₹630 से बढ़ाकर ₹645 प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि ग्रामीण विकास में सुधार और मौसमी अनुकूलता के कारण वित्त वर्ष 2025 में वॉल्यूम ग्रोथ में तेजी आएगी।