Zomato के शेयरों ने छुआ नया 52-वीक हाई, Swiggy में भी 5% का उछाल, जानें तेजी के कारण

फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स सेक्टर से जुड़े शेयरों में मंगलवार 10 फरवरी को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इटरनल (Eternal) और स्विगी (Swiggy) के शेयर कई हफ्तों हाई पर पहुंच गए। कारोबार के दौरान इटरनल के शेयर 6 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 307.45 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए

अपडेटेड Feb 10, 2026 पर 3:28 PM
Story continues below Advertisement
Swiggy Shares: स्विगी में छह बड़े ब्लॉक डील्स के जरिए करीब 21.60 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ

फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स सेक्टर से जुड़े शेयरों में मंगलवार 10 फरवरी को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इटरनल (Eternal) और स्विगी (Swiggy) के शेयर कई हफ्तों हाई पर पहुंच गए। कारोबार के दौरान इटरनल के शेयर 6 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 307.45 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए। यह स्तर 21 नवंबर के बाद शेयर का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं स्विगी के शेयर 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ 350.95 रुपये तक पहुंच गए, जो करीब एक महीने का उच्च स्तर माना जा रहा है। इस तेजी के पीछे कई फैक्टर एक साथ काम करते नजर आए

इटरनल का नया AI टूल बना चर्चा का केंद्र

इटरनल के शेयरों में तेजी की एक बड़ी वजह कंपनी की टेक्नोलॉजी से जुड़ी नई पहल मानी जा रही है। कंपनी की फूड डिलीवरी यूनिट Zomato ने सोमवार को डिलीवरी पार्टनर्स के लिए एक नया AI-पावर्ड हॉटलाइन नंबर लॉन्च करने की जानकारी दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हॉटलाइन डिलीवरी पार्टनर्स के ऑनबोर्डिंग प्रोसेस को काफी आसान बनाती है।

कंपनी के बयान के अनुसार, इस नंबर पर कॉल करने के बाद एक AI-संचालित व्हाट्सएप जर्नी शुरू होती है, जिसमें ऑनबोर्डिंग और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन कुछ ही मिनटों में पूरे हो जाते हैं। इससे न सिर्फ डिलीवरी पार्टनर्स के जुड़ने की प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि ऑपरेशनल एफिशिएंसी भी बेहतर होने की उम्मीद है।


करीब एक साल पहले भी इटरनल ने एक AI-आधारित कस्टमर सपोर्ट प्लेटफॉर्म लॉन्च किया था, जिसे ‘नगेट’ नाम दिया गया था। यह एक नो-कोड, एआई-नेटिव प्लेटफॉर्म है, जो कम लागत में कस्टमर सपोर्ट को स्केल करने में मदद करता है। लगातार हो रही इन टेक इनोवेशंस ने निवेशकों के भरोसे को मजबूत किया है।

म्यूचुअल फंड्स की बढ़ती हिस्सेदारी से मिला सपोर्ट

डिलीवरी कंपनियों के शेयरों में तेजी की एक और अहम वजह घरेलू म्यूचुअल फंड्स की मजबूत खरीदारी है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के अंत तक घरेलू म्यूचुअल फंड्स के पास नए जमाने की करीब 12 टेक कंपनियों में लगभग 1.77 लाख करोड़ रुपये के शेयर थे। यह आंकड़ा पिछले साल के करीब 95,000 करोड़ रुपये के मुकाबले लगभग दोगुना है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि इटरनल और स्विगी उन प्रमुख कंपनियों में शामिल हैं, जिनमें म्यूचुअल फंड हाउसेज ने बड़ी हिस्सेदारी जुटाई है। इटरनल, नए जमाने की कंपनियों में म्यूचुअल फंड निवेश का 40 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा रखता है। इसके अलावा, दिसंबर में स्विगी की 10,000 करोड़ रुपये की शेयर बिक्री में भी घरेलू फंड्स बड़े खरीदार रहे थे।

ब्लॉक डील्स ने बढ़ाया कारोबार का वॉल्यूम

मंगलवार को दोनों शेयरों में बड़े पैमाने पर ब्लॉक डील्स भी देखने को मिलीं, जिसने तेजी को और बल दिया। आधिकारिक बाजार आंकड़ों के मुताबिक, इटरनल के करीब 1.19 करोड़ शेयर कई ब्लॉक डील्स के जरिए ट्रेड हुए। पिछले क्लोजिंग प्राइस 288.85 रुपये के हिसाब से इन सौदों की कुल वैल्यू 344 करोड़ रुपये से ज्यादा बैठती है।

वहीं स्विगी में भी छह बड़े ब्लॉक डील्स के जरिए करीब 21.60 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ। पिछले बंद भाव 333.70 रुपये के आधार पर इन सौदों की कुल कीमत करीब 72.08 करोड़ रुपये आंकी गई।

यह भी पढ़ें- Upper Circuit Stocks: मुकुल अग्रवाल ने इस स्मॉलकैप शेयर में खरीदी हिस्सेदारी, 20% का लगा अपर सर्किट

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।