
Fertiliser Stocks: खाद कंपनियों के शेयरों में बुधवार, 11 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स ट्रावणकोर (FACT), कोरोमंडल इंटरनेशनल और गुजरात स्टेट फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स (GSFC) समेत कई कंपनियों के शेयर चढ़े।
इसकी वजह सरकार का बड़ा फैसला रहा। केंद्रीय कैबिनेट ने रबी 2026-27 सीजन के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश (P&K) खाद पर ₹62,370 करोड़ की सब्सिडी को मंजूरी दी है।
FACT का शेयर सबसे ज्यादा चढ़ा
खाद कंपनियों में FACT का शेयर सबसे ज्यादा चढ़ा। NSE पर यह 8.67% की तेजी के साथ ₹813.25 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान शेयर ₹835 तक पहुंच गया था।
वहीं, कोरोमंडल इंटरनेशनल का शेयर करीब 6% चढ़ा। राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स (RCF) में भी करीब 6% की तेजी रही। दीपक फर्टिलाइजर्स एंड पेट्रोकेमिकल्स का शेयर 6% से ज्यादा उछला। इसके अलावा GSFC के शेयर में 3% से ज्यादा और चंबल फर्टिलाइजर्स में 1.65% की बढ़त दर्ज की गई।
सरकार ने क्यों दी ₹62,370 करोड़ की सब्सिडी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उर्वरक विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत रबी 2026-27 सीजन के लिए P&K खाद पर न्यूट्रिएंट बेस्ड सब्सिडी (NBS) की दरें तय की गई हैं। यह व्यवस्था अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगी।
सरकार के इस फैसले से खाद कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, कच्चे माल की लागत बढ़ने के बावजूद कंपनियों को किसानों तक जरूरी खाद सस्ती कीमत पर पहुंचानी होती है। सब्सिडी से कंपनियों को इस लागत का बोझ संभालने में मदद मिलेगी।
DAP की कीमत ₹1,350 ही रहेगी
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सरकार ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए खाद पर पर्याप्त सब्सिडी दी है। उन्होंने यह भी बताया कि DAP की 50 किलो की बोरी की कीमत ₹1,350 ही रहेगी।
इस सब्सिडी में DAP के अलावा अलग-अलग ग्रेड की NPKS खाद भी शामिल हैं। NPKS में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश और सल्फर जैसे पोषक तत्व होते हैं। सरकार का मकसद रबी सीजन में किसानों को ये खाद सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराना है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।