FII: विदेशी निवेशकों की शेयर बाजार में धमाकेदार वापसी, एक दिन में खरीद डाले 12,771 करोड़ के शेयर

विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार बिकवाली के चलते पिछले कुछ दिनों से भारतीय शेयर बाजार लगातार दबाव में थे। हालांकि गुरुवार 2 मार्च को विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार में धमाकेदार वापसी की। एक्सचेंज पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 12,771 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है

अपडेटेड Mar 02, 2023 पर 10:44 PM
Story continues below Advertisement
FII की ओर से आज सबसे बड़ी खरीदारी अडानी ग्रुप के शेयरों में देखने को मिली

विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार बिकवाली के चलते पिछले कुछ दिनों से भारतीय शेयर बाजार लगातार दबाव में थे। हालांकि गुरुवार 2 मार्च को विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार में धमाकेदार वापसी की। एक्सचेंज पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 12,771 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है। साल 2023 में विदेशी निवेशकों की ओर से किसी एक दिन में की गई यह अबतक की सबसे बड़ी खरीदारी है। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को कुल 20,596.11 करोड़ की खरीदारी की। वहीं 7,825.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इस तरह उन्होंने बाजार में 12,770.81 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।

वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी गुरुवार को अपने खरीदारी के रुख को बनाए रखा। उन्होंने आज कुल 5,948.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं, जबकि करीब 3,819.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इस तरह उन्होंने आज भारतीय शेयरों में 2,128.80 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है।

विदेशी निवेशकों ने कहां की खरीदारी?

विदेशी निवेशकों की ओर से आज सबसे बड़ी खरीदारी अडानी ग्रुप के शेयरों (Adani Group Shares) में देखने को मिली है। अडानी ग्रुप की जिन कंपनियों में आज विदेशी निवेशकों ने पैसे लगाए हैं, उनमें अडानी ट्रांसमिशन, अडानी ग्रीन एनर्जी और अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन शामिल है।


यह भी पढ़ें- Adani News: अदाणी ग्रुप को मिला बड़ा निवेश, अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म GQG ने खरीदी ₹15,446 करोड़ की हिस्सेदारी

इस बीच शेयर बाजार में गुरुवार को गिरावट रही। बीएसई सेंसेक्स 501.73 अंक यानी 0.84 फीसदी की गिरावट के साथ 58,909.35 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 129 अंक यानी 0.74 प्रतिशत टूटकर 17,321.90 अंक पर बंद हुआ।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिटेल रिसर्च हेड दीपक जसानी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "एक दिन की तेजी के बाद निफ्टी में फिर से गिरावट आई। एशियाई बाजारों में कमजोर रुख का असर घरेलू बाजार पर पड़ा।"

वहीं जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, "ग्लोबल बाजारों में फिर से गिरावट का रुख रहा। इसका कारण अमेरिका में 10 साल के बॉन्ड यील्ड्स का चार प्रतिशत से अधिक होना है। इसकी वजह यह है कि कई आंकड़ों अभी भी महंगाई के ऊंचे स्तर पर बने रहने के संकेत दे रहे हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।