FIIs vs DIIs: विदेशी निवेशकों ने खरीदे ₹2,255 करोड़ के शेयर, लगातार दूसरे दिन बने खरीदार

विदेशी निवेशकों ने सोमवार 9 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तगड़ी खरीदारी की। एक्सचेंजों की ओर से जारी प्रोविजन आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने सोमवार को भारतीय शेयर मार्केट में 2,255 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) की शुद्ध खरीदारी महज 4 करोड़ रुपये रही

अपडेटेड Feb 09, 2026 पर 9:44 PM
Story continues below Advertisement
FIIs-DIIs Data: 2026 में अब तक विदेशी निवेशक कुल 37,997 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली कर चुके हैं

FIIs vs DIIs: विदेशी निवेशकों ने सोमवार 9 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तगड़ी खरीदारी की। एक्सचेंजों की ओर से जारी प्रोविजन आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने सोमवार को भारतीय शेयर मार्केट में 2,255 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) की शुद्ध खरीदारी महज 4 करोड़ रुपये रही।

आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने सोमवार के कारोबार के दौरान 13,573 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे और 13,569 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इससे उनकी शुद्ध खरीद बेहद सीमित रही। दूसरी ओर, विदेशी निवेशकों ने कुल 16,066 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि 13,811 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की। इसके चलते विदेशी निवेशकों का शुद्ध निवेश 2,255 करोड़ रुपये पर रहा, जिसने बाजार को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।

सालाना आधार पर अब भी FIIs बिकवाल

हालांकि साल की शुरुआत से अब तक की तस्वीर अलग है। 2026 में अब तक विदेशी निवेशक कुल 37,997 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली कर चुके हैं। इसके उलट घरेलू निवेशकों ने इस अवधि में 72,107 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है। बाजार जानकारों का कहना है कि हाल के कुछ दिनों में एफआईआई की ओर से की गई खरीदारी यह संकेत देती है कि ग्लोबल निवेशक एक बार फिर भारतीय शेयर बाजार को लेकर पॉजिटिव हो रहे हैं। हालांकि लंबी अवधि के ट्रेंड में स्थिरता आने में अभी समय लग सकता है।


शेयर बाजार का प्रदर्शन

भारतीय शेयर बाजार सोमवार को लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। निफ्टी करीब 0.7 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेत से मार्केट के सेंटीमेंट को मजबूतीस मिली। एशियाई बाजारों में भी सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली, जहां जापान के बाजारों ने राजनीतिक स्थिरता से जुड़े संकेतों के बाद रिकॉर्ड स्तर छू लिए। इसके अलावा भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड डील के डिटेल सामने आने के बाद निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ।

लार्जकैप इंडेक्सों के साथ छोटे और मझोले शेयरों में भी जमकर खरीदारी देखने को मिली। मिडकैप इंडेक्स 1.6 प्रतिशत चढ़ा, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.6 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। इससे साफ संकेत मिला कि बाजार में जोखिम लेने का ट्रेंड बढ़ा है।

सेक्टोरल रुझान और एक्सपर्ट की राय

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में वेल्थ मैनेजमेंट के रिसर्च हेड, सिद्धार्थ खेमका के ने बताया कि सेक्टोरल आधार पर प्रदर्शन पॉजिटल रहा और सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। पीएसयू बैंक इंडेक्स सबसे आगे रहा और 3.3 प्रतिशत की तेजी के साथ नए उच्च स्तर पर पहुंच गया।

उन्होंने बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों में करीब 7 प्रतिशत की जोरदार तेजी आई। यह तेजी उसके उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों के बाद आई। SBI ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ग्रोथ गाइडेंस को भी बढ़ाकर 13–15 प्रतिशत कर दी। इसका असर पूरे पीएसयू बैंकिंग सेक्टर पर देखने को मिला। मेटल शेयरों में भी मजबूती रही और निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.6 प्रतिशत चढ़ा।

खेमका ने यह भी कहा कि ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 1 प्रतिशत की गिरावट से ऑयल से जुड़े सेक्टरों को राहत मिली। उनके मुताबिक, बाजार में फिलहाल धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। आने वाले दिनों में शेयर-विशेष गतिविधियां ज्यादा देखने को मिल सकती हैं, क्योंकि तीसरी तिमाही के नतीजों का सीजन अंतिम चरण में पहुंच रहा है और इस सप्ताह कई कंपनियां अपने नतीजे घोषित करने वाली हैं।

यह भी पढ़ें- BSE Q3 Results: शुद्ध मुनाफा तीन गुना बढ़कर ₹602 करोड़, रेवेन्यू भी 62% बढ़ा, शेयरों पर रहेगी नजर

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।