FPIs Investment in December: विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों का रुझान भारतीय बाजार में बना हुआ है। इस महीने दिसंबर में उन्होंने अब तक बिक्री से अधिक खरीदारी की है। 12 दिसंबर से शुरू पिछले कारोबारी हफ्ते में उन्होंने 6055 करोड़ रुपये की खरीदारी की। भारतीय शेयरों में एफपीआई ने इस महीने 16 दिसंबर तक 10555 करोड़ रुपये का निवेश किया। हालांकि दूसरी तरफ विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भारी उतार-चढ़ाव के बीच शेयरों की खरीदारी से अधिक बिक्री की लेकिन सेंसेक्स (Sensex)-निफ्टी 50 (Nifty 50) में तेज गिरावट के बावजूद घरेलू निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
इस महीने अब तक एफआईआई नेट सेलर्स रहे और DII (डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स) नेट बॉयर्स रहे। एफपीआई ने 7490.05 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री जबकि घरेलू इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स ने 10551.62 करोड़ रुपये का निवेश किया। पिछले कारोबारी हफ्ते में सेंसेक्स 1.40 फीसदी और निफ्टी 1.2 फीसदी से अधिक टूटा है।
ब्रोकरेज फर्म का क्या है कहना
एफआईआई के रुझानों को लेकर घरेलू ब्रोकरेज फर्म ICICI Direct ने अपनी साप्ताहिक रिपोर्ट ने इसे शॉर्ट टर्म नेचर का कहा। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक फेड ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी किया जिसके चलते वैश्विक मार्केट पर दबाव दिखा। इसके चलते मंदी की आशंका बढ़ी। हालांकि डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड्स बड़ी रेंज में बने हुए हैं जिससे रिस्क को लेकर जो रुझान थे, उनमें कोई बड़ा बदलान नहीं हुआ है।
ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक मार्केट की कमजोरी शॉर्ट टर्म की है। अमेरिकी इक्विटी मार्केट महीने के रिकॉर्ड निचले स्तर की तरफ फिसल रहा, इसके बावजूद भारतीय वोलैटिलिटी इंडेक्स (India VIX) नीचे बना हुआ है, जिससे पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं यानी कि बाजार की गिरावट शॉर्ट टर्म की है।
शेयरों की खरीदारी लेकिन Debt Market से निकासी
एनएसडीएल के आंकड़ों के मुताबिक इस महीने 16 दिसंबर तक एफपीआई ने 10555 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की। पिछले कारोबारी हफ्ते में एफपीआई ने इक्विटी शेयरों की खरीदारी की लेकिन डेट मार्केट से भारी बिकवाली की। इस महीने भी अब तक एफपीआई ने डेट मार्केट से 2180 करोड़ रुपये निकाल लिए।
12 दिसंबर से शुरू होने वाले पिछले कारोबारी सप्ताह में डेट मार्केट से एफपीआई ने निकासी थी लेकिन उसके पिछले कारोबारी हफ्ते में 2467 करोड़ रुपये का निवेश किया था। ओवरऑल बात करें तो एफपीआई ने इक्विटी, डेट, डेट-वीआरआर और हाइब्रिड मिलाकर इस महीने अब तक 8635 करोड़ रुपये भारतीय बाजार में डाले हैं।
इस साल FPI ने खरीदारी से अधिक बिक्री की
एफपीआई ने इस महीने जमकर खरीदारी की है लेकिन पूरे साल की बात करें तो एफपीआई ने इक्विटी की खरीदारी से अधिक बिक्री की। इस साल एफपीआई ने 1,22,003 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की है। वहीं पिछले कारोबारी हफ्ते एफआईआई ने खरीदारी से अधिक बिक्री की और 1832.61 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए। घरेलू निवेशकों ने बिक्री से अधिक खरीदारी की और 3462.22 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।