मार्केट में तेजी के दौर में जब लिक्विडिटी ज्यादा होती है तो निवेशक खराब प्रदर्शन की अनदेखी करते हैं। वे अच्छे और खराब शेयरों के बीच फर्क नहीं करते हैं। फंड मैनेजर्स ने मनीकंट्रोल म्यूचुअल फंड समिट में ये बातें कहीं। यह समिट 22 अगस्त को मुंबई में हुआ। उनका यह भी कहना था कि हाई वैल्यूएशन को देखते हुए निवेशकों को शेयरों से अच्छा रिटर्न कमाने के लिए निवेश की अवधि लंबी रखनी होगी। एचडीएफसी एएमएसी में सीनियर फंड मैनेजर रोशी जैन ने कहा कि लिक्विडिटी ज्यादा होने की वजह से कमजोर प्रदर्शन पर नजरें नहीं जा रही हैं। लेकिन, आंख मूंदकर निवेश करने की जगह कंपनियों के प्रदर्शन का आकलन करने के बाद निवेश का फैसला लेना चाहिए।
