Gainers-Losers Today: वेदांता, स्पाइसजेट से IRFC तक... इन 10 शेयरों में दिखी बड़ी हलचल, जानिए सबकी वजह

Gainers-Losers Today: बुधवार, 25 फरवरी को बाजार में कई शेयरों में बड़ी हलचल दिखी। सोलर स्टॉक्स पर अमेरिकी टैरिफ का असर रहा, आईटी में रिकवरी आई। वहीं, वेदांता, स्पाइसजेट और IRFC जैसे शेयर खबरों के चलते फोकस में रहे। जानिए इन स्टॉक्स में बड़ी हलचल के कारण।

अपडेटेड Feb 25, 2026 पर 5:49 PM
Story continues below Advertisement
मेटल कंपनी Lloyds Metals and Energy का शेयर निफ्टी मेटल इंडेक्स के टॉप गेनर्स में शामिल रहा।

Gainers-Losers Today: बुधवार, 25 फरवरी के कारोबारी सत्र में कई बड़े शेयरों में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। सोलर स्टॉक्स पर अमेरिकी टैरिफ का असर दिखा, जबकि आईटी शेयरों में रिकवरी रही। कुछ कंपनियों में ब्लॉक डील, OFS और ब्रोकरेज अपग्रेड ने मूवमेंट बढ़ाया। आइए जानते हैं कि किन 10 स्टॉक्स में दिखी सबसे ज्यादा हलचल।

सोलर सेक्टर के स्टॉक्स

अमेरिका ने भारत से सोलर इंपोर्ट पर 126% की प्रारंभिक ड्यूटी लगा दी है। इसके बाद सोलर स्टॉक्स 15% तक गिर गए, लेकिन बाद में कुछ रिकवरी हुई। आखिर में Waaree Energies का शेयर 10.53% गिरकर 2,705 रुपये पर बंद हुआ। इसकी अमेरिकी बाजार में अहम हिस्सेदारी है। वहीं, Premier Energies का स्टॉक 5.86% और Vikram Solar का 5.66% फिसल बंद हुआ।


IT सेक्टर के स्टॉक्स

पिछले सत्र की तेज गिरावट के बाद आईटी शेयरों में रिकवरी दिखी और निफ्टी आईटी इंडेक्स शुरुआती कारोबार में 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया। TCS, Tech Mahindra, Infosys, HCL Technologies जैसे स्टॉक्स 3% तक चढ़ गए। इसकी वजह अमेरिकी टेक शेयरों में मंगलवार की तेजी रही। हालांकि, आखिर में मुनाफावसूली का दबाव दिखा। फिर भी आईटी इंडेक्स 0.23% बढ़कर बंद हुआ।

SpiceJet

एविएशन कंपनी SpiceJet का शेयर 10 प्रतिशत के लोअर सर्किट पर पहुंच गया। इसकी वजह ब्लॉक डील में 8.4 प्रतिशत इक्विटी की ट्रेडिंग रही। करीब 15 करोड़ शेयर एक साथ हाथ बदले। हालांकि, दोपहर के बाद स्टॉक में जबरदस्त रिकवरी दिखी और यह 1.19% की बढ़त के साथ 14.48 रुपये पर बंद हुआ। इसके साथ स्टॉक ने पिछले 6 कारोबारी सत्र से चली आ रही गिरावट का सिलसिला भी तोड़ दिया।

Vedanta Ltd

अनिल अग्रवाल की कंपनी Vedanta Ltd का शेयर सोमवार को करीब 4.81% बढ़कर 728.50 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी के बोर्ड ने 3,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी दी है। कंपनी 1 लाख रुपये फेस वैल्यू वाले अधिकतम 3,00,000 अनसिक्योर्ड, रेटेड, लिस्टेड और रिडीमेबल NCD निजी प्लेसमेंट के जरिए जारी करेगी। BofA Securities ने भी इसकी रेटिंग ‘neutral’ से बढ़ाकर ‘buy’ कर दी और टारगेट प्राइस 480 रुपये से 75 प्रतिशत बढ़ाकर 840 रुपये कर दिया।

Lloyds Metals and Energy

मेटल कंपनी Lloyds Metals and Energy का शेयर निफ्टी मेटल इंडेक्स के टॉप गेनर्स में शामिल रहा। दिग्गज ब्रोकरेज Nomura ने स्टॉक को ‘buy’ रेटिंग के साथ 1,600 रुपये का टारगेट दिया है, जो पिछले क्लोजिंग प्राइस से करीब 37.4 प्रतिशत संभावित बढ़त दिखाता है। कंपनी का शेयर 7.22% चढ़कर 1,248.10 रुपये पर बंद हुआ।

Natco Pharma

हैदराबाद की दवा कंपनी Natco Pharma का शेयर 25 फरवरी को लगातार चौथे सत्र में चढ़ा। NSE पर स्टॉक 11.45 प्रतिशत उछलकर 990 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचा। आखिर में यह 3.32% चढ़कर 976.20 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी को इस महीने की शुरुआत में CDSCO से भारत में Semaglutide के लिए मंजूरी मिलने के बाद शेयर में खरीदारी का रुझान बढ़ा है।

Afcons Infrastructure

इंफ्रा कंपनी Afcons Infrastructure का शेयर 25 फरवरी को 4 प्रतिशत गिर गया। कंपनी ने बताया कि Société Autoroutière du Gabon ने करीब 113.03 मिलियन यूरो के कॉन्ट्रैक्ट को समाप्त करने का नोटिस जारी किया है। यह EPC कॉन्ट्रैक्ट निजी क्लाइंट से मिला था, जिसमें करीब 117 किलोमीटर लंबे नेशनल रोड NR1 के डिजाइन, निर्माण और अपग्रेडेशन का काम शामिल था। हालांकि, आखिर में स्टॉक में रिकवरी हुई और यह 0.29% की गिरावट के साथ 307.10 रुपये पर बंद हुआ।

Steel Authority of India Ltd

सरकारी कंपनी Steel Authority of India Ltd (SAIL) का शेयर 25 फरवरी को 2.85% की बढ़त के साथ 164.75 रुपये बंद हुआ। Emkay Global ने स्टॉक पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग दोहराई। ब्रोकरेज ने आकर्षक वैल्यूएशन, नजदीकी ऑपरेशनल ट्रिगर और बेहतर प्राइसिंग ट्रेंड का हवाला देते हुए टारगेट प्राइस 175 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया, जो पहले के मुकाबले 14 प्रतिशत ज्यादा है।

Larsen and Toubro

इंफ्रा दिग्गज Larsen and Toubro (L&T) का शेयर 2.01 प्रतिशत उछलकर 4,344.90 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। कंपनी के Power Transmission & Distribution वर्टिकल को भारत और मिडिल ईस्ट में बिजली ग्रिड सिस्टम स्थापित करने के लिए ‘बड़ा’ ऑर्डर मिले। L&T की परिभाषा के मुताबिक ‘बड़े’ ऑर्डर की वैल्यू 5,000 करोड़ से 10,000 करोड़ रुपये के बीच होती है। आखिर में यह 1% बढ़कर 4,302 रुपये बंद हुआ।

IRFC

सरकारी कंपनी Indian Railway Finance Corporation (IRFC) का शेयर दबाव में रहा। यह NSE पर 4.58% गिरकर 104.43 रुपये तक आ गया। इसने 104.40 का अपना 52वीक का लो भी बनाया। सरकार ने कंपनी में 4 प्रतिशत तक हिस्सेदारी ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचने का फैसला किया है, जिसकी शुरुआत बुधवार से हुई। इसी वजह से शेयर में कमजोरी देखी गई।

'AI से होने वाले मुनाफे पर लगे बड़ा टैक्स', नौकरियों पर भारी खतरे के बीच एक्सपर्ट का सरकार को सुझाव

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।