Godrej Properties Shares: रियल एस्टेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज के शेयरों में आज बिकवाली का ऐसा दबाव दिखा कि यह 4% से अधिक टूट गया। इसके शेयरों में यह गिरावट उस दिन के बाद आई, जब मजबूत कारोबारी नतीजों के बाद यह 3% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ था। एक कारोबारी दिन पहले सोमवार को इंट्रा-डे में यह 6% से अधिक उछला था। अब आज इसके शेयरों में गिरावट आई लेकिन ब्रोकरेज फर्मों के बुलिश रुझान के हिसाब से इसे खरीदारी के मौके पर देख सकते हैं। आज बीएसई पर यह 4.75% की गिरावट के साथ ₹1809.65 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.93% फिसलकर ₹1,806.10 तक आ गया था। पिछले साल 10 जून 2025 को बीएसई पर यह एक साल के हाई ₹2,505.00 पर था जिससे 10 महीने में यह 42.75% टूटकर पिछले महीने 2 अप्रैल 2026 को एक साल के निचले स्तर ₹1,434.00 पर आ गया था।
