आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरपर्सन कुमार मंगलम बिड़ला ने कंपनी के पेंट कारोबार बिड़ला ओपस को लॉन्च कर दिया है। ये ग्रासिम इंडस्ट्रीज के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। कुमार मंगलम बिड़ला ने इस मौके पर भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अपना सकारात्मक नजरिए व्यक्त किया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि ग्रुप की कंपनियां देश के आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनियां विशेष रूप से मैन्युफैक्चरिंग में अपना अहम योगदान देंगी जो सकल घरेलू उत्पाद में 9 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए तैयार है।
बिड़ला ने बढ़ती आबादी, तेजी से बढ़ते रियल एस्टेट और प्रति व्यक्ति आय में बढ़त जैसे कारकों के कारण पेंट की खपत में बढ़त की अपार संभावना जाहिर की है। उन्होंने क्रमिक रूप से बढ़ते निवेश के साथ, अगले चरण में कंपनी की क्षमता को अतिरिक्त 500 मिलियन लीटर प्रति वर्ष तक बढ़ाने की योजना की घोषणा की।
बिड़ला ने पेंट व्यवसाय के पोर्टफोलियो पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह सभी सेक्टरों में बाजार के लीडरों के बराबर या उससे आगे है। उन्होंने पेंट सेक्टर में इनोवेशन के अवसर पर भी जोर दिया और ग्लोबल एवरेज 10 किलोग्राम की तुलना में भारत की प्रति व्यक्ति पेंट खपत 3.5 किलोग्राम होने का हवाला देते हुए कहा कि इस सेक्टर में ग्रोथ की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बिड़ला ने समूह की छह कटेगरी 145 उत्पाद 6,000 छोटे बड़े शहरों में फैले मजबूत नेटवर्क के जरिए सप्लाई करने की योजना पर भी प्रकाश डाला।
कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, "साल के अंत तक, हम 6000 शहरों में चैनल पॉर्टनरों को डिस्ट्रीब्यूट करेंगे। हम फ्री टिंटिंग बिजनेस वाले डीलरों के साथ साझेदारी कर रहे हैं। हम मैन्युअल टिंटिंग प्रक्रिया में क्रांति लाने के लिए सभी डीलरों की टिंटिंग मशीनों को एक केंद्रीय हब से डिजिटल रूप से जोड़ देंगे।"
उन्होंने बताया की बिड़ला ग्रुप अपना चौथा संयंत्र Q1FY25 तक शुरू करेगा, उसके बाद Q2 में पांचवां और Q4FY25 में छठा संयंत्र शुरू करेगा। कुल क्षमता 1,332 एमएलपीए होगी, जो दूसरी, तीसरी और चौथी कंपनियों की संयुक्त क्षमता से ज्यादा है। समूह का लक्ष्य अगले पांच सालों में अपनी क्षमता 500 एमएलपीए तक बढ़ाना है।
उन्होंने ये भी बताया कि ब्रांड लॉन्च से पहले 300,00 पेंटरों और ठेकेदारों ने कंपनी के साथ नामांकन कराया है। कंपनी 300 शहरों में बिड़ला ओपस पेंट गैलरी स्थापित कर रही है। आज लॉन्च इवेंट में देश भर में छह अत्याधुनिक प्लांट खोलने की योजना के साथ पानीपत, लुधियाना और चेय्यर में कंपनी के संयंत्रों का उद्घाटन हुआ।
ग्रासिम के शेयरों की बात करें तो फिलहाल 1.20 बजे के आसपास ये शेयर 47.00 रुपए यानी 2.14 फीसदी की कमजोरी के साथ 2147 रुपे पर दिख रहा था। आज का इसका दिन का हाई 2,244 रुपए और दिन का लो 2,113.20 रुपए है।
जेफरीज ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में 2 और प्लांट कमीशन करेगी। 12-15 महीने में 3 और प्लांट चालू होने की उम्मीद है। ग्रासिम ने पेंट बिजनेस के लिए 10,000 करोड़ रुपए के निवेश का एलान किया है। ग्रासिम ने अपने कुल कैपेक्स का 60 फीसदी इस पर खर्च किया है। अभी तक इसमें से करीब 6000 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। ग्रासिम के लिए जेफरीज ने खरीदारी की सलाह देते हुए 2300 रुपए का लक्ष्य दिया है।
गौरतलब है कि ग्रासिम आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी है। इस ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने 24 अगस्त 2023 को हुए 76वें एजीएम में भी कहा था कि कंपनी का पेंट बाजार में दूसरा सबसे बड़ा प्लेयर बनने का लक्ष्य है। ग्रासिम के लिए पेंट बिजनेस नया ग्रोथ इंजन बनेगा।