पाइप कंपनी हरिओम पाइप इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में आगे 58 प्रतिशत तक तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसी उम्मीद ब्रोकरेज फर्म मोनार्क नेटवर्थ कैपिटल ने जताई है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया है और 785 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर के बीएसई पर बंद भाव से 58 प्रतिशत ज्यादा है।
ब्रोकरेज के अनुसार, हरिओम पाइप इंडस्ट्रीज अपनी क्षमता में वृद्धि, डीलर नेटवर्क के माध्यम से प्रोडक्ट्स की बिक्री में तेजी और अनुकूल इंडस्ट्री डायनैमिक्स के कारण असाधारण ग्रोथ के लिए तैयार है। ब्रोकरेज ने अपने नोट में लिखा, "कंपनी का बैकवर्ड-इंटीग्रेटेड मॉडल इसके स्ट्रैटेजिक एग्जीक्यूशन का सबूत है और बढ़ती क्षमताओं के साथ सहजता से आगे बढ़ने के लिए तैयार है।"
हरिओम पाइप मजबूत ग्रोथ के लिए तैयार
मोनार्क के अनुसार, बेहतर होते कैश कनवर्जन साइकिल, बढ़ते रिटर्न रेशियो, डेट-टू-इक्विटी मेट्रिक्स और रिजीलिएंट मार्जिन के कारण कंपनी मजबूत ग्रोथ के लिए तैयार है और इसकी रीरेटिंग की जरूरत है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2024-2027 में हरिओम पाइप इंडस्ट्रीज का सेल्स वॉल्यूम 26% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) से बढ़ेगा। कंपनी को वर्किंग कैपिटल में अच्छा सुधार भी देखने को मिल सकता है। ब्रोकरेज ने अपने नोट में लिखा है कि वित्त वर्ष 2024-2027 में कंपनी का रेवेन्यू 25%, EBITDA 27% और शुद्ध मुनाफा 33% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) से बढ़ सकता है।
एक साल में 21 प्रतिशत टूटा शेयर
हरिओम पाइप इंडस्ट्रीज का शेयर बीएसई पर 6 जनवरी को बढ़त के 493.30 रुपये पर खुला। इसके बाद यह पिछले बंद भाव से लगभग 1 प्रतिशत चढ़कर 500.90 रुपये के हाई तक गया। कारोबार बंद होने पर शेयर मामूली गिरावट के साथ 495.45 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा है। एक साल में शेयर 21 प्रतिशत सस्ता हो चुका है। कंपनी में सितंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 57.15 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।