मार्केट में तेज गिरावट के बावजूद हिंद रेक्टफाइअर्स (Hind Rectifiers) के शेयरों में आज तेज खरीदारी दिख रही है। BSE Sensex आज एक फीसदी से अधिक कमजोर हुआ है जबकि हिंद रेक्टफाइअर्स के शेयर आज करीब 15 फीसदी मजबूत हुए हैं। कंपनी के शेयरों में यह खरीदारी महाराष्ट्र के सिन्नर में एक मैनुफैक्चरिंग प्लांट में कॉमर्शियल प्लांट शुरू होने के चलते बढ़ी है। इस वजह से ही हिंद रेक्टफाइअर्स 14.96 फीसदी की मजबूती के साथ 224.75 रुपये (Hind Rectifiers Share Price) पर हैं। इंट्रा-डे में तो यह 231.65 रुपये तक पहुंच गया था।
Hind Rectifiers के बारे में डिटेल्स
हिंद रेक्टफाइअर्स पॉवर सेमीकंडक्टर्स, पॉवर इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट्स और रेलवे ट्रांसपोर्टेशन इक्विपमेंट बनाती है। यह अपने प्रोडक्ट रेंज का विस्तार कर रही है। इसके तहत रेक्टिफाइअर इक्विपमेंट और सेमी-कंडक्टर डिवाइस बनाने वाली कंपनी ने 12900 वर्गमीटर में सिन्नर प्लांट बनाया है। सिन्नर प्लांट में नई प्रोडक्शन लाइन की यील्ड 2023-24 में मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे कंपनी का रेवेन्यू और मार्जिन बढ़ेगा।
दिसंबर 2022 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर महज 3 फीसदी चढ़कर 97 करोड़ रुपये पर पहुंचा। हालांकि नेट प्रॉफिट 85 फीसदी उछलकर 2.42 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। दिसंबर 2021 तिमाही में कंपनी को 4.06 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था।
एक साल के हाई से 16% नीचे हैं शेयर
हिंद रेक्टिफाइअर्स के शेयर पिछले साल 20 जून 2022 को 152.90 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद अगले तीन महीने में ही यह 75 फीसदी चढ़कर 22 सितंबर 2022 को 268 रुपये पर पहुंच गया जो एक साल का हाई है। हालांकि शेयरों की यह तेजी थम गई और फिलहाल यह इस हाई लेवल से 16 फीसदी नीचे है।