Hindustan Copper share price : पब्लिक सेक्टर कंपनी हिंदुस्तान कॉपर के शेयरों में आज 9 अप्रैल को 10 फीसदी से अधिक की दमदार रैली देखी गई। इस समय यह स्टॉक 8.93 फीसदी की बढ़त के साथ 361.10 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 366.25 रुपये के 52-वीक हाई को छू लिया। दिसंबर 2023 के बाद से स्टॉक में सबसे बड़ी सिंगल-डे रैली देखने को मिली है। दरअसल, वैश्विक स्तर पर कॉपर की कीमतों में उछाल के चलते कंपनी के शेयरों के लिए पॉजिटिव सेंटीमेंट बना है।
कॉपर की कीमत 15 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। सप्लाई में कमी और ग्लोबल स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग में तेजी की वजह से कॉपर कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार इस साल तांबे की कीमतें लगभग 10 फीसदी बढ़ गई हैं। प्रमुख खदानों में डिसरप्शन से चाइनीज प्लांट्स में रिफाइंड मेटल प्रोडक्शन को खतरा दिख रहा है, जो दुनिया की आधे से अधिक सप्लाई के लिए जिम्मेदार है।
CNBC-TV18 के साथ बातचीत में GoIndiaStocks.com के राकेश अरोड़ा ने कहा कि वह निवेशकों को सलाह देंगे कि वे हिंदुस्तान कॉपर पर समय बर्बाद न करें, क्योंकि कंपनी का वैल्यूएशन काफी ज्यादा है। मौजूदा लेवल पर स्टॉक 118.6 गुना का प्राइस टू अर्निंग (P/E) मल्टीपल पर है, जबकि इसका पांच साल का एवरेज 49.89 गुना है।
चार्ट की बात करें तो स्टॉक अपने सभी प्रमुख मूविंग एवरेज से ऊपर ट्रेड कर रहा है, स्टॉक का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) अब 77 पर है, जिसका मतलब है कि स्टॉक ओवरबॉट जोन में है। 70 से ऊपर का RSI होने पर यह माना जाता है कि स्टॉक जरूरत से ज्यादा खरीदा गया है। हिंदुस्तान कॉपर भारत में कॉपर की कीमतों पर लिस्टेड एकमात्र प्योर प्ले स्टॉक है।
इस PSU में जहां 66 फीसदी हिस्सेदारी सरकार के पास है, वहीं LIC के पास 8.17 फीसदी हिस्सेदारी है। क्वांट स्मॉलकैप फंड और SBI पीएसयू फंड के पास स्टॉक में 1.76 फीसदी और 1.23 फीसदी हिस्सेदारी है।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
हिंदुस्तान कॉपर के शेयरों का 52-वीक लो 97.60 रुपये है। इसका मार्केट कैप बढ़कर 34,706.49 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले एक महीने में स्टॉक ने 34 परसेंट का रिटर्न दिया है। पिछले 6 महीने में यह 141 परसेंट भाग चुका है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 32 फीसदी की तेजी आई है। पिछले एक साल में इसने 257 परसेंट का तगड़ा रिटर्न दिया है।