हिंदुस्तान जिंक इस वित्त वर्ष 2025 में दूसरी बार डिविडेंड बांटने जा रही है। इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट भी फिक्स हो गया है। इससे पहले कंपनी ने हर शेयर पर 10 रुपये के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया था और इस बार हिंदुस्तान जिंक ने 19 रुपये के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। इसका रिकॉर्ड डेट 28 अगस्त फिक्स किया गया है।। इसके चलते शेयरों को तगड़ा सपोर्ट मिला और चार दिनों की गिरावट थम गई। चार दिनों में इसके शेयर करीब 20 फीसदी टूट गए थे। आज की बात करें तो BSE पर यह 3.34 फीसदी की बढ़त के साथ 512.30 रुपये (Hindustan Zinc Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 3.66 फीसदी उछलकर 513.90 रुपये के भाव तक पहुंच गया था।
Vedanta को मिलेंगे ₹5,091 करोड़ डिविडेंड में
एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि डिविडेंड के रूप में यह 8028 करोड़ रुपये बांटेगी। इसकी पैरेंट कंपनी वेदांता को इसमें से 5091 करोड़ रुपये मिलेंगे। यह कैलकुशन ऑफर फॉर सेल के बाद वेदांता की होल्डिंग के हिसाब से कैलकुलेट की गई है। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 32 हजार करोड़ रुपये का रिकॉर्ड डिविडेंड बांटा था और वित्त वर्ष 2024 में इसने 5493 करोड़ रुपये डिविडेंड में बांटे थे।
Hindustan Zinc में कितनी हिस्सेदारी है वेदांता की?
सोमवार को एक्सचेंज फाइलिंग में वेदांता ने कहा कि इसने ऑफर फॉर सेल के जरिए हिंदुस्तान जिंक में 1.51 फीसदी हिस्सेदारी बेच दी है। इस ऑफर फॉर सेल के बाद वेदांता की हिस्सेदारी 64.92 फीसदी से गिरकर 63.42 फीसदी पर आ गई है। पिछले हफ्ते हिंदुस्तान जिंक की प्रमोटर कंपनी वेदांता ने ऐलान किया था कि यह ऑफर फॉर सेल के जरिए 3.17 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है। यह ऑफर फॉर सेल शुक्रवार और सोमवार को खुला था। इस ऑफर फॉर सेल के लिए फ्लोर प्राइस 486 रुपये था।