HAL का शेयर आज 5% उछला, एक साल में 83% चढ़ा, दूसरे देशों ने तेजस लड़ाकू विमान खरीदने में दिखाई दिलचस्पी

भारत सरकार द्वारा रक्षा के मामले में स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के प्रयासों के चलते HAL को जबर्दस्त फायदा हुआ है

अपडेटेड Aug 11, 2022 पर 3:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
तेजस लड़ाकू विमान खरीदने के लिए मलेशिया, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, इजिप्ट, इंडोनेशिया और फिलिप्पिन आदि देशों ने अपनी दिलचस्पी दिखाई है

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (Hindustan Aeronautics Limited(HAL) के शेयर में नतीजों के पहले आज यानी गुरुवार 11 अगस्त को 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली। डिफेंस सेक्टर की सरकारी कंपनी द्वारा कल यानी शुक्रवार 12 अगस्त को वित्त वर्ष 2023 की अप्रैल-जून तिमाही के लिए अपने वित्तीय नतीजे जारी किये जायेंगे।

वहीं स्टॉक की साल भर की चाल पर नजर डालें तो अब तक इस डिफेंस स्टॉक ने जोरदार बढ़त दिखाई है। इस शेयर ने 83 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ अपने निवेशकों को पैसा कमाकर दिया है।

आज सुबह 11:51 बजे HAL के शेयर बीएसई पर पिछले बंद से 5.03 प्रतिशत ऊपर 2,273 रुपये पर कारोबार करते हुए दिखे ।


इसके अलावा आय के मामले में कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वित्तीय वर्ष 2015 के बाद से कंपनी ने आय के लिहाज से केवल वृद्धि ही दर्ज की है। वहीं FY22 के लिए HAL ने 24,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय दर्ज की थी। ये राशि अब तक दर्ज की गई सबसे अधिक आय है।

Hindalco का शेयर फिसला, ब्रोकरेज फर्मों से जानें पोर्टफोलियो में और ऐड करें या प्रॉफिट बुक करें

FY22 में कंपनी की शुद्ध आय 56.5 प्रतिशत बढ़कर 6,400 करोड़ रुपये रही। नतीजन प्रति शेयर आय वित्त वर्ष 22 के लिए अब तक के उच्चतम स्तर तक बढ़कर 151.92 रुपये हो गई है।

CNBC-TV18 से बातचीत करते हुए कंपनी की चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर आर माधवन ने कहा कि हमें उम्मीद है कि हमारी आय में 6 से 7 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिलेगा। हमारे नये प्रोजेक्ट्स की वजह से FY24-25 के दौरान भी हमारी आय में बढ़त बनी रहेगी।

गौरतलब है कि कंपनी के मजबूत प्रदर्शन और बिजनेस आउटलुक ने इस शेयर में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। रक्षा के मामले में स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के भारत सरकार के प्रयासों के चलते HAL को जोरदार फायदा हुआ है।

बता दें कि HAL द्वारा बनाये गये हल्के लड़ाकू विमान तेजस को खरीदने के लिए मलेशिया, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, इजिप्ट, इंडोनेशिया और फिलिप्पिन आदि देशों ने अपनी रुचि दिखाई है। ये जानकारी रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने दी है।

3 साल के शिखर पर पहुंचा COAL INDIA, ब्रोकरेजेज से जानें बने रहें या करें मुनाफावसूली

सूत्रों के मुताबिक दूसरे देशों में तेजस लड़ाकू विमान की बिक्री करने के लिए HAL की इजिप्ट , मलेशिया और नाईजीरिया से बातचीत चल रही है।

डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)

 

 

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।