Ruchi Soya : रुचि सोया जल्द ही पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड (Patanjali Ayurved Limited) या PAL के फूड रिटेल बिजनेस को खरीद लेगी। इसमें उसका मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, लेबलिंग और कुछ फूड प्रोडक्ट्स की रिटेल ट्रेडिंग भी शामिल है। इसके अलावा रुचि सोया पदार्थ, हरिद्वार और नेवासा, महाराष्ट्र स्थिति मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स को भी खरीदेगी। हालांकि इसके लिए अभी शेयरहोल्डर्स और अन्य प्राधिकरणों से मंजूरी लेनी होगी। लाइवमिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रुचि सोया और पतंजलि आयुर्वेद ने इस संबंध में एक समझौता किया है।
रुचि सोया का शेयर 4 फीसदी से ज्यादा मजबूत
रुचि सोया का शेयर बुधवार को दोपहर 1.20 बजे 4.30 फीसदी की मजबूती के साथ 1,130 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। पिछले एक महीने के दौरान शेयर लगभग 18 फीसदी और एक साल में 39 फीसदी का रिटर्न दे चुका है।
यह अधिग्रहण एकमुश्त रूप से 690 करोड़ रुपये में होंने का अनुमान है और इस सौदे को 15 जुलाई, 2022 तक पूरा करन होगा। साथ ही अधिग्रहण के बाद रुचि सोया का नाम बदलकर पतंजलि फूड्स कर दिया जाएगा।
रुचि सोया का बदल जाएगा नाम
रुचि सोया ने कहा कि उसके बोर्ड ने कंपनी का नाम रुचि सोया इंडस्ट्रीज लिमिटेड से बदलकर पतंजलि फूड्स लिमिटेड करने का फैसला किया है। इसके लिए सांविधिक और नियामकीय मंजूरियां लेनी होंगी।
कंपनी ने बुधवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया, “इस सौदे में पतंजलि आयुर्वेद के फूड रिटेल बिजनेस अंडरटेकिंग के कर्मचारियों, एसेट्स (पतंजलि का ब्रांड, ट्रेडमार्क, डिजाइन और कॉपीराइट को छोड़कर), मौजूदा एसेट्स (देनदारी, वाहन, नकदी और बैंक बैलेंस को छोड़कर), कांट्रैक्ट्स, लाइसेंस और परमिट्स, वितरण नेटवर्क शामिल है।”
पतंजलि ने 2019 में खरीदी थी रुचि सोया
वर्ष 2019 में, योग गुरु बाबा रामदेव की पतंजलि ने एक इनसॉल्वेंसी प्रोसेस के तहत रुचि सोया का अधिग्रहण किया था। दिसंबर, 2017 में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक और डीबीएस बैंक के आवेदन पर रुचि सोया के खिलाफ इनसॉल्वेंसी की कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया था।
एडिबल ऑयल (edible oil) कंपनी सेबी की एक लिस्टेड कंपनी में न्यूनतम 25 फीसदी पब्लिक शेयरहोल्डिंग नॉर्म्स के पालन के लिए इस साल अप्रैल में फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) लेकर आई थी।