IPO Fraud: आईपीओ निवेशकों के लिए पिछले कुछ वर्ष शानदार रहे हैं। इस साल 2024 की ही बात करें तो तो आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग के दिन ही 400 फीसदी से अधिक तक का रिटर्न मिल गया यानी कि लिस्टिंग पर ही आईपीओ निवेशकों का पैसा पांच गुना से अधिक बढ़ गया। हालांकि आईपीओ निवेशकों को सिर्फ SME के आईपीओ ने ही नहीं बल्कि मेनबोर्ड यानी बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने वाली कंपनियों के आईपीओ ने भी निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया। लिस्टिंग के दिन की ताबड़तोड़ तेजी को लेकर काफी सवाल उठ चुके हैं और एनएसई ने तो एसएमई के लिए अधिकतम लिस्टिंग गेन का कैप ही लगा दिया है। अब दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने भी कहा है कि 10 में 9 एसएमई के आईपीओ में मैनिपुलेशन हुआ है यानी कि निवेशकों को गुमराह किया गया। उन्होंने सिर्फ एसएमई ही नहीं बल्कि मेनबोर्ड के आईपीओ लेकर भी ऐसे आरोप लगाए हैं।
