कल यानी की 1 फरवरी का देश का बहुप्रतीक्षित बजट 2023 पेश होगा। पूरी दुनिया में विपरीत आर्थिक परिस्थितियों में पेश होने वाले बजट पर देश और दुनिया की निगाहें रहेंगी। इसके साथ ही अगले आम चुनावों के पहले ये देश का आखिरी पूर्ण बजट है लिहाजा हर वर्ग के लिए इसमें कुछ ना कुछ सौगात हो सकती है। वहीं कल ही जनवरी के लिए ऑटो बिक्री के आंकड़े भी पेश किये जायेंगे। माना जा रहा है कि जनवरी के ऑटो बिक्री आंकड़े अच्छे रहेंगे। इसमें पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल में अच्छी ग्रोथ दिख सकती है। हालांकि टू-व्हीलर सेगमेंट पर दबाव जारी रह सकता है। सीएनबीसी-आवाज़ के यतिन मोता की रिपोर्ट में जानते हैं कैसे रह सकते है जनवरी के ऑटो बिक्री आंकड़े-
जनवरी ऑटो बिक्री अनुमान (YoY)
यतिन मोता ने कहा कि कल ऑटो बिक्री के आंकड़े पेश किये जायेंगे। हमें जो सूत्रों के अनुसार पता चला है कि पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में अच्छी ग्रोथ देखने को मिल सकती है। इसमें SUVs और प्रीमियम गाड़ियों की मांग ज्यादा दिखाई दे सकती है। वहीं कल जारी होने वाले आंकड़ों में पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में वॉल्यूम 21% बढ़ने का अनुमान है।
यतिन ने आगे कहा कि इसके अलावा MHCVs सेगमेंट में सेल्स वॉल्यूम 26% बढ़ने का अनुमान जताया जा रहा है। लेकिन साथ ही पहले की तरह टू-व्हीलर सेगमेंट में इस बार भी दबाव जारी रहने की आशंका भी है। उन्होंने कहा कि सूत्रों के मुताबिक जनवरी 2018 के टॉप से वॉल्यूम से अबकी बार जनवरी 2023 का वॉल्यूम 28% कम रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।
नोमुरा की रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2023 में मारुति (MARUTI) की गाड़ियों की बिक्री का कुल वॉल्यूम सालाना आधार पर 1.54 लाख यूनिट से 13% बढ़कर 1.74 लाख यूनिट रह सकता है।
वहीं जनवरी 2023 में महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) की गाड़ियों की बिक्री का कुल वॉल्यूम सालाना आधार पर 46800 यूनिट से 35% बढ़कर 63000 यूनिट रह सकता है।
जनवरी 2023 में टाटा मोटर्स (TATA MOTORS) की गाड़ियों की बिक्री का कुल वॉल्यूम सालाना आधार पर 76200 यूनिट से 10% बढ़कर 84000 यूनिट रह सकता है।
जनवरी 2023 में टीवीएस मोटर (TVS MOTOR) की गाड़ियों की बिक्री का कुल वॉल्यूम सालाना आधार पर 2.66 लाख यूनिट से 9.6% बढ़कर 2.92 लाख यूनिट रह सकता है।
जनवरी 2023 में अशोक लीलैंड (ASHOK LEYLAND) की गाड़ियों की बिक्री का कुल वॉल्यूम सालाना आधार पर 13900 यूनिट से 26% बढ़कर 17500 यूनिट रह सकता है।