Jio Financial Services Listing: पिछले महीने रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने मुकेश अंबानी की जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFSL) का डीमर्जर किया था। अब JFSL के शेयर सोमवार, 21 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंज BSE और NSE पर लिस्ट होने के लिए तैयार हैं। लिस्टिंग से पहले डिजिटल-फर्स्ट NBFC के शेयर ग्रे मार्केट में लगभग 300 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं, जो कि प्री लिस्टिंग प्राइस 261.85 रुपये से अधिक है। पहले 10 दिनों में JFSL टी ग्रुप सेगमेंट में कारोबार करेगा, जिसका मतलब है कि स्टॉक में इंट्राडे ट्रेडिंग संभव नहीं होगी। वहीं, दोनों तरफ 5% की सर्किट लिमिट भी होगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इससे स्टॉक में बड़ी तेजी पर रोक लगेगी।
RIL शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में शेयर क्रेडिट
20 जुलाई को रिकॉर्ड डेट पर आयोजित एक स्पेशल प्राइस डिस्कवरी सेशन में नए स्टॉक की प्री-लिस्टिंग कीमत 261.85 रुपये प्रति शेयर तय हुई, जो ब्रोकरेज के लगभग 190 रुपये के अनुमान और RIL की अधिग्रहण लागत 133 रुपये से काफी अधिक था। NBFC के शेयरों को पिछले हफ्ते पात्र RIL शेयरधारकों के डीमैट अकाउंट में 1:1 अनुपात में क्रेडिट किया गया। इसका मतलब है कि 20 जुलाई की रिकॉर्ड डेट तक रखे गए प्रत्येक RIL शेयर के लिए शेयरधारकों को JFSL का एक शेयर मिला।
कुछ एनालिस्ट्स भारत में वित्तीय सेवाओं की मजबूत मांग और कंपनी की मजबूत पकड़ के कारण आशावादी हैं, वहीं कई एनालिस्ट्स सतर्क भी हैं। उनका कहना है कि जियो फाइनेंशियल अभी भी अपने शुरुआती चरण में है और उसने अभी तक प्रॉफिटेबिलिटी हासिल नहीं की है। JFSL ने पहले ही म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में एंट्री करने के लिए ब्लैकरॉक के साथ 50:50 ज्वाइंट वेंचर एंटिटी की घोषणा की है।
BSE ने एक नोटिस में कहा, "एक्सचेंज के ट्रेडिंग सदस्यों को सूचित किया जाता है कि सोमवार 21 अगस्त 2023 से जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जिसे पहले रिलायंस स्ट्रैटेजिक इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के नाम से जाना जाता था) के इक्विटी शेयरों को सूचीबद्ध किया जाएगा और T ग्रुप ऑफ सिक्योरिटीज की सूची में एक्सचेंज पर लेनदेन करना स्वीकार किया जाएगा।"
BSE के नोटिस के मुताबिक, यह शेयर 10 कारोबारी दिनों के लिए ट्रेड-फॉर-ट्रेड सेगमेंट में रहेगा जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों को पिछले हफ्ते शेयरधारकों के डीमैट खाते में जमा किया गया था।
इस खबर के बाद, शुक्रवार 18 अगस्त को BSE पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 2,566.85 रुपये पर पहुंच गए।
Jio फाइनेंशियल सर्विसेज, कंज्यूमर्स और व्यापारियों दोनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वित्तीय सेवाओं से जुड़े व्यापाक प्रोडक्ट्स पेश करेगी। कंपनी इन प्रोडक्ट्स को अपनी सहायक कंपनियों और ज्वाइंट वेंचर्स के जरिए ऑफर करेगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।